टोटो और एंबुलेंस की टक्कर, टोटो चालक की मौत
सुल्तानगंज में एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने टोटो को टक्कर मार दी, जिससे टोटो चालक मनोज कुमार तांती की मौत हो गई। हादसे में दो महिलाएं भी गंभीर रूप से घायल हुईं। एंबुलेंस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुल्तानगंज, निज संवाददाता। मुख्य चौक बाजार के पास शुक्रवार की सुबह साढ़े चार बजे तेज रफ्तार से आ रही निजी एंबुलेंस ने टोटो को टक्कर मार दी। हादसे में घायल टोटो चालक की रेफरल अस्पताल में मौत हो गई। जबकि टोटो सवार दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।मृतक टोटो चालक की पहचान मिर्जापुर, वार्ड 7 निवासी मनोज कुमार तांती उर्फ बौना (42 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारों के अनुसार नगर क्षेत्र के मिर्जापुर निवासी मनोज कुमार तांती घर से सुबह 3 बजे टोटो लेकर कमाने निकला था। स्टेशन से सवारी बैठाकर गंगा घाट जा रहा था। मुख्य चौक के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार एंबुलेंस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद टोटो सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद एंबुलेंस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। आनन-फानन में लोगों ने घायलों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया। जहां टोटो चालक मनोज तांती की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि टोटो सवार मुंगेर जिले के रामनगर थाना अंतर्गत रतनपुर ईटहरी, निवासी डिस्को देवी और अनीता देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मायागंज भागलपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त टोटो और एंबुलेंस को जब्त कर थाने ले आई।थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम कराके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। मृतक अपने पीछे पत्नी सहित दो पुत्र और दो पुत्री को छोड़ गया है। टोटो चालक की मौत से घर परिवार में मातम छा गया है। पार्षद रुबी देवी ने घटना पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


