खगड़िया: किसानों की आर्थिक सशक्तिकरण के लिए दिया प्रशिक्षण
खगड़िया के रामपुर पंचायत में किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आधुनिक कृषि पद्धतियों, बचत, और वैकल्पिक आजीविका के विषयों पर जानकारी दी गई। मुखिया कृष्णानंद यादव ने किसानों से अपील की कि वे इस प्रशिक्षण को अपनाएं और आत्मनिर्भर बनें।

खगड़िया, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले के गोगरी प्रखंड अंतर्गत रामपुर पंचायत में किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। पंचायत के मुखिया कृष्णानंद यादव की उपस्थिति में रामपुर में किसानों के लिए आय वृद्धि, बचत तथा कृषि आधारित वैकल्पिक आजीविका के विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण गुरुवार को आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण का संचालन युगांतर और धिरा संस्था के प्रशिक्षक पार्थ आनंद द्वारा किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों, लागत में कमी लाने के उपाय, फसल विविधीकरण, पशुपालन, बागवानी तथा सामूहिक खेती के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
यह बताया गया कि यदि किसान पारंपरिक खेती के साथ-साथ अतिरिक्त आय के स्रोत विकसित करें तो उनकी आर्थिक स्थिति में स्थायी सुधार संभव है। प्रशिक्षण में किसानों को नियमित बचत की आदत विकसित करने, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने, योजनाबद्ध निवेश करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। साथ हीं बैंकिंग सेवाओं से जुड़ाव, बीमा योजनाओं के उपयोग और डिजिटल लेन-देन के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया ताकि किसान आर्थिक रूप से अधिक सुरक्षित और जागरूक बन सकें। मुखिया कृष्णानंद यादव ने अपने संबोधन में कहा कि किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना पंचायत की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला हैं और पंचायत स्तर पर भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे प्रशिक्षण में मिली जानकारी को व्यवहार में उतारें और अन्य किसानों को भी इसके लिए प्रेरित करें। प्रशिक्षक पार्थ आनंद ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती किसानों की प्रगति पर निर्भर करती है। यदि किसान वैज्ञानिक खेती, सामूहिक प्रयास और वित्तीय अनुशासन अपनाएं तो सीमित संसाधनों में भी बेहतर आय प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने किसानों के सवालों का समाधान किया तथा आगे भी तकनीकी सहयोग देने का आश्वासन दिया। वहीं प्रखंड प्रमुख अशोक कुमार पंत ने कार्यक्रम का समापन धन्यवाद देते हुए किया। उन्होंने युगांतर और धिरा संस्था के इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम उन्हें नई दिशा देते हैं और वे अपने कृषि कार्यों में सुधार कर बेहतर आय प्राप्त करने के लिए प्रेरित हुए हैं। इस अवसर पर युवा शक्ति के जिलाध्यक्ष राजेश यादव, कविरंजन यादव, जुनैद आसिफ, पंकज यादव, ग्रीस रंजन, जवाहर यादव, राहुल कुमार सहित सैकड़ों किसान उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


