फार्मर रजिस्ट्री के लिए दिया गया प्रशिक्षण
फार्मर रजिस्ट्री में किसानों की जमीन संबंधी ब्योरा होगा रजिस्ट्री के लिए आधार, भूमि संबंधित

भागलपुर, कार्यालय संवादददाता। तिलकामांझी स्थित संयुक्त कृषि भवन में सोमवार को फार्मर रजिस्ट्री योजनान्तर्गत जिलास्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन संयुक्त निदेशक (शष्य) भागलपुर प्रमंडल, शैलेश कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक, आत्मा प्रेम शंकर प्रसाद, उप परियोजना निदेशक, आत्मा प्रभात कुमार सिंह एवं विपुल कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। मंच का संचालन एवं तकनीकी सत्र में विपुल कुमार ने फार्मर रजिस्ट्री बनाने के बारे में बताया कि यह एग्री-स्टैक परियोजना का एक महत्वपूर्ण घटक है। जिसका उद्देश्य राज्य में कृषि सेवाओं को अधिक आधुनिक, सरल और प्रभावी बनाना है। इसके तहत प्रत्येक किसान का फार्मर आईडी तैयार किया जाता है, जिसमें किसान की जमीन संबंधी विवरण, आधार संख्या को एकीकृत कर डिजिटल रूप से जोड़ा जाता है।
उन्होंने बताया कि इसके अन्तर्गत बिहार भूमि डाटाबेस को समेकित कर प्रत्येक राजस्व ग्राम के समान नाम और पिता के नाम वाले किसानों की जमाबंदी का एक ऑनलाइन बकेट तैयार किया गया है। इसी बकेट के आधार पर राज्य स्तर से फार्मर रजिस्ट्री तैयार किया जा रहा है। इसके लिए किसानों को आधार कार्ड, भूमि संबंधित दस्तावेज एवं मोबाइल नम्बर की आवश्यकता होती है। यह दो चरणों में होने वाली प्रक्रिया है। जिसमें पहले कृषि पदाधिकारी द्वारा ईकेवाईसी किया जाएगा फिर दूसरे चरण में हल्का कर्मचारी द्वारा फार्मर रजिस्ट्री होगा। संयुक्त निदेशक (शष्य) ने कहा कि यह कार्य किसी विभाग का नहीं किसानों का है। अतः सभी उपस्थित पदाधिकारी से यह अनुरोध किया कि किसान हित का सोच यह कार्य राजस्व और कृषि कर्मी समन्वय के साथ करें क्योंकि ये पीएम किसान सम्मान निधि से जुड़ा हुआ है। जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक, आत्मा ने बताया कि ये फार्मर रजिस्ट्री महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। तकनीकी सत्र के पश्चात प्रश्नोत्तर सत्र में कर्मियों की सभी समस्याओं का निराकरण अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, नवगछिया रूण कुमार द्वारा किया गया। इसके पश्चात धन्यवाद ज्ञापन के साथ सत्र का समापन किया गया। इस कार्यक्रम में जिला के सभी अंचलाधिकारी (सीओ) हल्का कर्मचारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक तथा किसान सलाहकार एवं अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




