जमुई : अपराधियों की दबंगई से त्रस्त परिवार ने एसपी से लगाई गुहार, पलायन की जताई मजबूरी
जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र के दीघौत गांव के किसान नवल किशोर महतो ने पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा और न्याय की मांग की है। उन्हें गांव के दबंग लोगों ने डराने-धमकाने के लिए प्रताड़ित किया है। किसान की जमीन पर कब्जा किया गया है, जिससे वह आर्थिक नुकसान में हैं।

जमुई से मनोज कुमार तिवारी की रिपोर्ट जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र के दीघौत गांव निवासी एक किसान परिवार ने अपराधियों की कथित दबंगई और लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर एसपी विश्वजीत दयाल को आवेदन देकर सुरक्षा एवं न्याय की मांग की है। पीड़ित नवल किशोर महतो ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ दबंग और आपराधिक छवि वाले लोगों के कारण उनका परिवार भय के साये में जीने को मजबूर है तथा गांव छोड़कर पलायन करने की स्थिति उत्पन्न हो गई है। आवेदन में नवल किशोर महतो ने बताया कि वे खेती-किसानी करते हैं और परिवार का मुख्य जीविकोपार्जन खेती पर ही निर्भर है।
उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों द्वारा पिछले तीन वर्षों से अधिक समय से उनकी निजी जमीन पर जबरन कब्जा किया जा रहा है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जाती है तथा गांव में प्रवेश करने तक से रोका जाता है। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उक्त लोगों के भय के कारण उनकी जमीन और मकान का कोई खरीदार आगे नहीं आता, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनकी लगभग चार से पांच लाख रुपये की फसल बर्बाद हो चुकी है। साथ ही परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार की घटनाएं भी सामने आई हैं। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि 15 मई 2026 को सिकंदरा थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन आरोपियों को बुलाने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। उल्टे शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया और विरोध करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।


