
डॉक्टर बन निजी एंबुलेंस चालक ने मायागंज अस्पताल में भर्ती मरीज से ले लिया 1200 रुपये
दोबारा अस्पताल में पहुंचा तो परिजनों ने पकड़ा थाने में दोनों पक्षों में हुई सुलह
भागलपुर, वरीय संवाददाता मायागंज अस्पताल में भर्ती मरीज से निजी एंबुलेंस का चालक डॉक्टर बनकर 1200 रुपये वसूल लिया और फरार हो गया। रविवार को परिजनों ने एंबुलेंस चालक को मायागंज अस्पताल में देखा तो उसे पकड़ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती तब तक आरोपी एंबुलेंस छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के भाई को पकड़कर थाने ले गई, जहां पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों में सुलह हो गया। ट्रामा वार्ड में भर्ती था मरीज, खुद को डॉक्टर बताकर ऐंठ लिया था रुपया खगड़िया जिले के बुजुर्ग लाल बाबू ने बताया कि वे बीते चार दिन पहले मायागंज अस्पताल के ट्रामा वार्ड में इलाजरत है।
बीते दिन निजी एंबुलेंस चलाने वाला अख्तर उनके पास आया था और खुद को डॉक्टर बताते हुए बेहतर इलाज के नाम पर 1200 रुपये ले लिया था। वह रुपया लेने के बाद बेहतर इलाज कराने की व्यवस्था करने की बात बोलकर गया तो फिर वापस नहीं आया। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश और पूछताछ करनी शुरू की तो लोगों ने बताया कि अख्तर पहले भी कई मरीजों से अस्पताल में बेड दिलाने, जांच व इलाज कराने के नाम पर रुपये ऐंठ चुका है। यहां तक की मरीजों को तो वह अस्पताल से निकालकर निजी अस्पताल पहुंचाकर निजी अस्पताल संचालकों से कमीशन खा चुका है। इसके बाद परिजन अस्पताल परिसर में उसे ढूंढने लगे। रविवार को सुबह करीब नौ बजे अख्तर परिजनों को अस्पताल के मुख्य गेट के पास दिख गया। इसके बाद परिजनों ने उसे दौड़ाया और उसके बाहर खड़े उसके एंबुलेंस के पास दबोच लिया। परिजनों ने इसकी सूचना बरारी पुलिस को दी। इसी दौरान अख्तर अपना एंबुलेंस छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने अख्तर के भाई को हिरासत में लेकर थाने चली गई। वहीं इस बाबत बरारी थानेदार बिट्टू कुमार ने बताया कि रुपये के लेनदेन का मामला था। दोनों पक्षों के बीच सुलह हो गया है। दलालों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर अस्पताल में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गये हैं। इन पर लगाम लगाने के लिए कमेटी का गठन किया गया है। साथ ही प्रचार-प्रसार किया जा रहा है कि किसी भी आदमी को कोई भी मरीज रुपये न दें। अगर कोई मांगता है तो इसकी शिकायत कंट्रोल, हॉस्पिटल मैनेजर, अस्पताल के उपाधीक्षक या फिर मुझे दें। डॉ. हिमांशु परमेश्वर दुबे, अधीक्षक, मायागंज अस्पताल भागलपुर

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




