शिक्षा विभाग नहीं सुलझा पा रहा छात्रों के फेशियल अटेंडेंस की गुत्थी
मई से शुरू करने की थी योजना, अबतक योजना शुरू नहीं कक्षा एक से 12

भागलपुर, वरीय संवाददाता। जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले शत-प्रतिशत छात्र-छात्राओं का एफआरएस यानी फेशियल रिकग्निशन सिस्टम से ऑनलाइन अटेंडेंस बनाने की गुत्थी जिला शिक्षा कार्यालय सुलझा नहीं पा रहा है। मई से जिले के 2020 सरकारी विद्यालयों में छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति टैब के माध्यम से दर्ज करने की तैयारी विभाग ने जोर-शोर से की थी। बावजूद यह महत्वाकांक्षी योजना शुरू नहीं हो पा रही है। विभागीय स्तर से जानकारी मिली कि सिर्फ 17 विद्यालयों के कारण एक साथ ऑनलाइन अटेंडेंस की प्रक्रिया सभी 2020 विद्यालयों में शुरू नहीं हो सकी है। इन स्कूलों ने अपने सभी बच्चों का ई-शिक्षाकोष एप पर रजिस्ट्रेशन नहीं किया है। इन स्कूलों को शोकॉज करते हुए रजिस्ट्रेशन पूरा करने की हिदायत दी गई है।
रजिस्ट्रेशन की स्थिति
इधर, जिले के कुछ स्कूलों ने रजिस्ट्रेशन पूरा कर विभागीय टैब के माध्यम से ट्रायल बेसिस पर अटेंडेंस शुरू किया है। राजकीय बालिका इंटर स्कूल के प्राचार्य डॉ. अमरनाथ ने बताया कि छात्राओं का ऑनलाइन अटेंडेंस बनाया जा रहा है। वहीं अन्य स्कूलों का कहना है कि हमारी तैयारी पूरी है, सिर्फ विभागीय निर्देश का इंतजार है कि किस तिथि से ऑनलाइन अटेंडेंस को मान्य कर दिया जाएगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि तैयारी तेजी से चल रही है। जल्द ही प्रक्रिया शुरू कर देंगे।
छात्रों की संख्या
करीब साढ़े पांच लाख छात्रों का बनेगा ऑनलाइन अटेंडेंस
जिले के प्रारंभिक से लेकर इंटर स्तर के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले करीब साढ़े पांच लाख छात्रों का एक साथ रोजाना पहली घंटी में ही ऑनलाइन अटेंडेंस बनाने की तैयारी है। कक्षा एक से 12वीं तक के छात्र इस योजना में शामिल हैं। वहीं कक्षा एक से आठ तक छात्रों को स्कूलों में नि:शुल्क मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। अब छात्रों की उपस्थिति के बिना योजना में धांधली के लिए छात्रों की फर्जी गिनती नहीं हो पाएगी। ऑनलाइन अटेंडेंस में दर्ज छात्रों के हिसाब से भोजन तैयार होगा। अबतक स्कूलों में राशि की लूट के लिए छात्रों की फर्जी गणना संभव नहीं हो पाएगी।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


