Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsEncroachment in Lakhisarai Pedestrians Face Hardships as Removal Campaign Stalls
लखीसराय: अतिक्रमण हटाओ अभियान ठप, शहर में फिर बढ़ा फुटपाथ पर कब्जा

लखीसराय: अतिक्रमण हटाओ अभियान ठप, शहर में फिर बढ़ा फुटपाथ पर कब्जा

संक्षेप:

लखीसराय में अतिक्रमण हटाओ अभियान बंद होने के कारण अतिक्रमणकारियों का मनोबल बढ़ गया है। फुटपाथों पर अवैध कब्जा होने से आम लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। दुकानदारों द्वारा सड़क पर वाहनों को पार्क करने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। स्थानीय लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Dec 28, 2025 05:53 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

लखीसराय। शहर में पिछले चार दिनों से अतिक्रमण हटाओ अभियान नहीं चलने के कारण अतिक्रमणकारियों का मनोबल एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। मुख्य बाजार क्षेत्रों में फुटपाथों पर अवैध कब्जा शुरू हो गया है, जिससे आम लोगों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के विभिन्न इलाकों में खासकर तिलकुट दुकानों और अन्य अस्थायी व स्थायी दुकानदारों द्वारा फुटपाथ को पूरी तरह घेर लिया गया है। दुकानों के सामने सामान सजाकर रखने के कारण पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ पर जगह नहीं बची है। मजबूरी में लोगों को सड़क पर उतरकर चलना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब दुकानों पर खरीदारी करने आने वाले ग्राहक अपने वाहन और बाइक सड़क या फुटपाथ पर ही खड़ी कर देते हैं। इससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है और राहगीरों के साथ-साथ स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। यातायात पुलिस द्वारा कई बार दुकानदारों और ग्राहकों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन इसका कोई खास असर देखने को नहीं मिल रहा है। अभियान रुकते ही अतिक्रमणकारी फिर से सक्रिय हो गए हैं और नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अतिक्रमण हटाओ अभियान नियमित रूप से नहीं चलाया गया तो शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाएगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई शुरू की जाए, ताकि फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त किया जा सके और आम जनता को राहत मिल सके।