Bhagalpur News: गांव की बेटियों को आत्मविश्वास की उड़ान दे रही हैं रेखा
Bhagalpur News: धरहरा प्रखंड के अमारी गांव की 25 वर्षीय रेखा कुमारी ने ग्रामीण बेटियों और महिलाओं के लिए प्रेरणा बनने का कार्य किया है। वह जीवन कौशल की कक्षाएं संचालन करती हैं, जिससे छात्राओं में आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति जागरूकता आ रही है। रेखा महिलाओं को साक्षर बनाने का प्रयास और घरेलू हिंसा के खिलाफ जागरूकता फैलाने का भी काम कर रही हैं।

Bhagalpur News: धरहरा से प्रवीण सिंह की रिपोर्ट धरहरा प्रखंड के अमारी गांव की 25 वर्षीय रेखा कुमारी ग्रामीण बेटियों और महिलाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरी हैं। इंटर तक शिक्षा प्राप्त रेखा पिछले दो वर्षों से एडु लीडर के रूप में अपने समुदाय की किशोरियों के साथ गांव के स्कूल में जीवन कौशल (लाइफ स्किल) की कक्षाएं संचालित कर रही हैं। वह करीब 30 छात्राओं के साथ नियमित रूप से संवाद कर उन्हें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, शिक्षा का महत्व, लैंगिक समानता, निर्णय लेने की क्षमता और जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी देती हैं। रेखा की पहल केवल स्कूल तक सीमित नहीं है।
वह गांव की महिलाओं को साक्षर बनाने का भी प्रयास कर रही हैं। खासकर जो महिलाएं हस्ताक्षर नहीं कर पाती थीं, उन्हें हस्ताक्षर करना और बुनियादी साक्षरता सिखाती हैं। इसके साथ ही घरेलू हिंसा की घटनाओं को रोकने के लिए महिलाओं को जागरूक करती हैं तथा पति-पत्नी के बीच होने वाले छोटे-मोटे विवादों को बातचीत के माध्यम से सुलझाने का प्रयास करती हैं। रेखा शराब की लत से प्रभावित परिवारों को भी जागरूक करने का काम करती हैं। शराबी पति या पिता के कारण परेशान महिलाओं और बच्चों को सहयोग देने के साथ-साथ जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं की अपनी क्षमता के अनुसार मदद भी करती हैं। किसी गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाने की जरूरत पड़ने पर भी वह आगे बढ़कर सहयोग करती हैं। रेखा बताती हैं कि शुरुआत में छात्राएं अपनी बात खुलकर नहीं रख पाती थीं, लेकिन लगातार सत्रों के बाद उनमें आत्मविश्वास बढ़ा है। अब वे अपनी समस्याओं और भविष्य को लेकर खुलकर चर्चा करती हैं तथा पढ़ाई के प्रति अधिक जागरूक हुई हैं। छात्रा राधा कुमारी ने बताया कि जीवन कौशल की कक्षाओं से उन्हें अपनी बात रखने का आत्मविश्वास मिला है। वहीं पूनम कुमारी ने कहा कि इन सत्रों से उन्हें पढ़ाई जारी रखने और अपने सपनों को पूरा करने की नई प्रेरणा मिली है। विद्यालय के मध्य विद्यालय सरधापुर के प्रधानाध्यापक विजय कुमार ने बताया कि रेखा की पहल का सकारात्मक प्रभाव छात्राओं पर पड़ा है। जीवन कौशल की कक्षाओं से उनके व्यवहार, सोच और आत्मविश्वास में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। रेखा का कहना है कि यदि गांव की बेटियों और महिलाओं को सही मार्गदर्शन, शिक्षा और सहयोग मिले तो वे न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं। उनका सपना है कि गांव की कोई भी बेटी शिक्षा से वंचित न रहे और कोई भी महिला अशिक्षा या सामाजिक भय के कारण पीछे न रह जाए।


