प्रखंड की खानपुर पंचायत अन्तर्गत बडुआ नदी पर बने तटबंध के टूट जाने से लगभग ढाई सौ बीघा में लगी धान की फसल डूब गयी है। साथ ही इंगलिश रतनपुर गांव के दर्जनों घरों में पानी प्रवेश कर गया है।
पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राहुल कुमार ने बताया कि इंगलिश रतनपुर गांव के पश्चिम सात सौ मीटर दूर तटबंध टूटा है। खेतों में लगे लगभग ढाई सौ बीघा धान की फसल डूब गयी है। इंग्लिश रतनपुर गांव के दर्जनों घरों में पानी प्रवेश कर चुका है। इसकी सूचना सीओ एवं विधायक को दी गयी है।
सीओ एसएस राय ने बताया कि तटबंध टूटने की सूचना मिली है। शुक्रवार को स्वयं स्थलीय जांच करेंगे। राजस्व कर्मचारी को क्षति का आकलन करने का निर्देश दिया गया है। विधायक सुबोध राय ने बताया कि तटबंध की देखरेख जल संसाधन विभाग करता है। इसकी जानकारी कार्यपालक अभियंता को दी जा रही है। फसल क्षति का मुआवजा किसानों को दिलाया जाएगा।
झारखंड से बरसाती पानी का बहाव, कई गांव जलमग्न
कहलगांव। निज प्रतिनिधि
झारखंड से बरसाती पानी का तेजी से हो रहे बहाव से कहलगांव प्रखंड के कई गांव जलमग्न हो गये हैं तथा आवागमन की विकराल समस्या से ग्रामीणों को जूझना पड़ रहा है। स्थिति की भयावहता की जानकारी मिलने पर कहलगांव के अंचलाधिकारी नीलकुसुम सिन्हा ने गुरुवार को प्रभावित गांवों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होने बताया कि देवरी, वंशीपुर, जगरनाथपुर माल,शंकरपुर, जेठियाना, बभनियां,चांयटोला, ओगरी, महिषामुंडा, भोलसर आदि गांवों में बाढ़ जैसी परिस्थिति पैदा हो गई है।