ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार भागलपुरमुखिया को भड़का दिया गया था :नीतीश

मुखिया को भड़का दिया गया था :नीतीश

समीक्षा यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को सुल्तानगंज के उधाडीह में कहा कि एक साल के अंदर सभी घरों को बिजली का कनेक्शन दिया जाएगा। शौचालय बनाने का काम अनवरत चल रहा है। हर घर नल का...

मुखिया को भड़का दिया गया था :नीतीश
हिन्दुस्तान टीम,भागलपुरThu, 18 Jan 2018 01:57 AM
ऐप पर पढ़ें

समीक्षा यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को सुल्तानगंज के उधाडीह में कहा कि एक साल के अंदर सभी घरों को बिजली का कनेक्शन दिया जाएगा। शौचालय बनाने का काम अनवरत चल रहा है। हर घर नल का जल और गली-नाली पक्कीकरण योजना के कामों में तेजी आयी है। शहर और गांव के वार्डों में सात निश्चय योजना पर काम चल रहा है। वार्ड स्तर पर काम करने के निर्णय को सही ठहराते हुए सीएम ने कहा कि विकेन्द्रीकरण के तहत काम हो रहा है। केन्द्रीयकरण होने पर वर्षों में काम पूरा होता। उसमें घपला होने की अधिक संभावना रहती। हर पंचायत के दो-चार वार्डों में काम चल रहा है। कुछ लोगों ने मुखिया को भड़काकर केस करवा दिया था। अब सब ठीक हो गया है। पीछे की बातों को छोड़ देनी चाहिए। सभी मिलकर पंचायत के विकास के लिए काम कर रहे हैं। वार्ड सदस्य भी निर्वाचित होते हैं। पहले वैसे वार्डों में काम शुरू किया गया है, जहां अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति की आबादी अधिक है। लोगों को शुद्ध पानी पिलाना सरकार की जिम्मेदारी है। दूषित पानी से बीमारी होती है। सरकार का मुख्य लक्ष्य हर परिवार को बुनियादी नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

कृषि के क्षेत्र में काम करने वाले सभी किसान

सीएम ने कहा कि विकास के जो काम पहले से चल रहे हैं। उसे पूरा किया जा रहा है। सबौर में कृषि विवि खुल गया है। कृषि रोडमैप का तीसरा चरण शुरू हो गया है। केवल खेती करने वाले किसान नहीं होते, बल्कि कृषि क्षेत्र में काम करने वाले सभी किसान होते हैं। कोशिश की जा रही है कि देश के हर घर में बिहार का एक व्यंजन उपलब्ध हो।

युवा बढ़ेंगे तो तरक्की करेगा बिहार

सीएम ने कहा कि युवा बढ़ेंगे तो बिहार तरक्की करेगा। हर जिले में इंजीनियरिंग कॉलेज, महिला आईटीआई सहित अन्य संस्थानों को खोला जा रहा है। अनुमंडल स्तर पर आईटीआई और एएनएम स्कूल खुल रहे हैं।

जनता का सेवक हूं, जमीन पर जाकर विकास देखता हूं

सीएम ने कहा कि सरकार न्याय के साथ विकास के लिए कटिबद्ध है। वह केवल राजपाट नहीं चलाते हैं। अपने को सेवक मानते हैं और सरजमीन पर जाकर विकास कार्यों को देखते हैं, लेकिन विकास के साथ समाज सुधार के लिए भी काम करना होगा।

दो नम्बरी धंधा में लगे हैं भटके मानसिकता के लोग

शराब के चलते पहले बहुत लोग कमाई का पैसा पीने में गंवा देते थे। अब वही पैसा परिवार के भरण-पोषण में खर्च हो रहा है। शराबबंदी से वातावरण में परिवर्तन हुआ है। परिवार के साथ समाज और राज्य का विकास हो रहा है। अपराध और दुर्घटनाओं में कमी आयी है, लेकिन हमेशा नजर रखनी होगी। कुछ भटके हुए मानसिकता के लोग हैं जो दो नम्बरी धंधा में लगे हुए हैं। सरकारी तंत्र को घुस देकर गुप्त तरीके से धंधा चला रहे हैं। ऐसे लोगों पर और सख्ती बरती जाएगी। सरकारी तंत्र को और मजबूत किया जा रहा है। इसमें शामिल होने वाले सरकारी तंत्र के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई होगी।

विकास के साथ समाज सुधार जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता दरबार में एक महिला ने कहा कि शराबबंदी की तरह बाल विवाह और दहेज प्रथा के विरुद्ध अभियान चलायें। बाल समाज सुधार के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। कम उम्र में शादी और दहेज की मांग दोनों सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पहले संपन्न लोग दहेज मांगते थे। अब आमलोग दहेज मांगने लगे हैं। समाज सुधार के लिए अभियान चलाया जा रहा है। दहेज प्रथा और बाल विवाह को खत्म करना सरकार का संकल्प है। दहेज लेकर जो शादी कर रहे हैं, उसका बहिष्कार कीजिए। शादी समारोह में शामिल नहीं होना चाहिए। दोनों कुरीतियों के विरुद्ध 21 जनवरी को मानव शृंखला आयोजित की जा रही है। पिछले साल इसमें चार करोड़ लोगों ने भाग लिया था। इस बार अधिक से अधिक लोगों को शामिल होने की अपील की जा रही है।

पूर्व की घोषणाएं हुई पूरीं

सीएम ने कहा कि 2009 में विकास यात्रा के दौरान 17 फरवरी को वह उधाडीह गांव में रात गुजारी थी। 18 फरवरी को जनता दरबार में लोगों से बात हुई थी। कुछ बातें आज भी याद है। मवि को उवि बनाने और स्टेडियम की मांग हुई थी। लगभग सभी काम हो चुके हैं। इसके अलावा भी गांव में बहुत विकास हुआ है। विकास समीक्षा यात्रा के दौरान उसी गांव में जा रहे हैं, जहां 2009 में विकास यात्रा के दौरान रात्रि विश्राम किये थे।

शहीद की जन्मभूमि को नमन करता हूं

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद निलेश कुमार की जन्मभूमि को नमन करते हैं। निलेश वायु सेना के गरूड़ कमांडों में शामिल थे। जम्मू-कश्मीर में 10 अक्टूबर 2017 को शहीद हो गये थे। शहीद की स्मृति में शहीद द्वार बनाया जा रहा है। जितना संभव होगा शहीद के परिवार की मदद की जाएगी। देश के लिए शहादत होना बड़ी चीज होती है। निलेश हमेशा याद किये जायेंगे।

शिलान्यास की योजनाओं को समय से करें पूरा

सीएम ने कहा कि उधाडीह गांव में सात निश्चय योजना को पूरा करने में जिला प्रशासन की भूमिका सराहनीय रही है। जितनी योजनाओं का शिलान्यास किया गया है। विभाग उसे समय से पूरा करे। सभा को राज्यसभा सदस्य कहकशां परवीन व विधायक सुबोध राय ने भी संबोधित किया। सीएम का स्वागत डीएम आदेश तितरमारे और धन्यवाद ज्ञापन डीडीसी आनंद शर्मा ने किया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें