सुपौल : आगामी विधानसभा चुनाव को ले त्रिवेणीगंज एसडीपीओ समेत अन्य पदाधिकारी ने किया निरीक्षण

सुपौल : आगामी विधानसभा चुनाव को ले त्रिवेणीगंज एसडीपीओ समेत अन्य पदाधिकारी ने किया निरीक्षण

संक्षेप:

छातापुर में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रशासन और पुलिस की गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। एसडीपीओ विभाष कुमार और बीडीओ डा. राकेश गुप्ता ने क्षेत्र का निरीक्षण किया और चुनाव ड्यूटी पर आने वाले जवानों के...

Sep 22, 2025 07:40 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

छातापुर,एक प्रतिनिधि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासनिक व पुलिस स्तर पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की दिशा में लगातार तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार तथा छातापुर प्रखंड विकास पदाधिकारी डा. राकेश गुप्ता ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारी मुख्यालय स्थित सुरपतसिंह प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर पहुँचे। जहां अर्धसैनिक बलों (सीएपीएफ) की टुकड़ी के ठहराव की व्यवस्था की जा रही है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में उपलब्ध कमरे, शौचालय, पेयजल सुविधा, प्रकाश व्यवस्था, आवासीय क्षमता एवं स्वच्छता आदि का गहन भौतिक सत्यापन किया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

एसडीपीओ ने स्पष्ट कहा कि चुनाव ड्यूटी पर आने वाले जवानों के लिए हर संभव बुनियादी सुविधा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि कमरों की सफाई, पेयजल की उपलब्धता, शौचालय की मरम्मत एवं बिजली की निरंतर आपूर्ति समय रहते पूरी कराई जाए। वहीं बीडीओ डा. गुप्ता ने संबंधित विभागीय कर्मियों को आवश्यक कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यह भी कहा कि यदि किसी प्रकार की कमी पाई जाती है तो उसकी रिपोर्ट जिला स्तर पर दी जाएगी। जिससे चुनाव ड्यूटी में लगे जवानों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रखंड क्षेत्र में कई विद्यालयों व सार्वजनिक भवनों को सीएपीएफ के ठहराव स्थल के रूप में चिह्नित किया गया है। प्रशासन द्वारा इन स्थलों का लगातार भौतिक सत्यापन कर बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने की कवायद जारी है।