जमुई: सशक्त स्थायी समिति चुनाव का बजा डंका, 16 को होगा मतदान
जमुई के तीन नगर निकायों के लिए सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव की तिथि 16 अप्रैल निर्धारित की गई है। नामांकन प्रक्रिया सुबह 08:00 बजे से शुरू होगी, जिसमें मतदान और मतगणना भी उसी दिन होगी। विजयी सदस्यों को पद की शपथ दिलाई जाएगी और सम्पूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जाएगी।

जमुई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम श्री नवीन ने जिले के तीन नगर निकायों यथा जमुई नगर परिषद , झाझा नगर परिषद और सिकंदरा नगर पंचायत के लिए सशक्त स्थायी समिति हेतु सदस्यों के चुनाव की तिथि का ऐलान कर दिया है। बिहार सरकार , नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा जारी अद्यतन गाइडलाइंस के अनुरूप निर्वाचन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। चुनाव 16 अप्रैल को निर्धारित है। तय तिथि को पूर्वाह्न 08:00 बजे से नामांकन प्रक्रिया आरंभ होगी। इसी दिन मतदान और मतगणना भी कराई जाएगी। विजयी सदस्यों को पद की शपथ भी दिलाई जाएगी। सम्पूर्ण चुनाव प्रक्रिया का वीडियोग्राफी कराया जाएगा।
निर्वाचित वार्ड पार्षद सशक्त स्थायी समिति की किसी एक रिक्ति के विरुद्ध अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। यदि किसी पार्षद द्वारा एक से अधिक रिक्तियों के लिए नामांकन किया जाता है , तो केवल न्यूनतम क्रमांक वाली मतपेटिका का नामांकन ही वैध माना जाएगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्वाचन के सुचारू रूप से संचालन के लिए निकायवार मतदान और मतगणना स्थल के साथ निर्वाची पदाधिकारियों को नामित किया है। जमुई नगर परिषद के लिए चुनाव स्थल जमुई सदर प्रखंड कार्यालय का सभा कक्ष होगा। यहां अनुमंडल पदाधिकारी निर्वाची पदाधिकारी होंगे। वहीं झाझा नगर परिषद के लिए निर्वाचन स्थल झाझा प्रखंड कार्यालय तय किया गया है। डीसीएलआर सुजीत कुमार झाझा नगर परिषद के सशक्त स्थाई समिति चुनाव के लिए निर्वाची पदाधिकारी बनाए गए हैं। इसी प्रकार सिकंदरा नगर पंचायत के लिए सिकंदरा प्रखंड कार्यालय का सभा कक्ष चुनाव स्थल होगा। वरीय उप समाहर्त्ता सावन कुमार यहां निर्वाची पदाधिकारी का दायित्व संभालेंगे। गाइडलाइंस के मुताबिक चुनाव प्रक्रिया को पूरा करने के लिए निर्वाची पदाधिकारियों को नामित कर्मी सहयोग करेंगे। सभी वार्ड पार्षद प्रत्येक रिक्ति के विरुद्ध अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे और सर्वाधिक मत प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी को विजयी घोषित कर तत्काल निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान कर दिया जाएगा। बता दें कि तय निर्वाचन प्रक्रिया के संपन्न होने और नए सदस्यों के शपथ ग्रहण करने के बाद पूर्व में मनोनीत समितियां स्वतः भंग हो जाएगी। निर्वाचित सशक्त स्थाई समिति निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करेगा। उधर चुनाव का डंका बजते ही नगर निकायों में जोड़-घटाव शुरू हो गया है। इच्छुक वार्ड पार्षद सशक्त स्थाई समिति का सदस्य बनने के लिए सजग और सक्रिय दिखने लगे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


