एसआईआर का उद्देश्य कोई योग्य मतदाता छूटे नहीं, कोई गलत सूची में न रहे: खेड़ा

एसआईआर का उद्देश्य कोई योग्य मतदाता छूटे नहीं, कोई गलत सूची में न रहे: खेड़ा

संक्षेप:

भारत निर्वाचन आयोग के विशेष प्रेक्षक, निर्वाचन सूची ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ

Aug 31, 2025 04:53 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

भागलपुर, प्रधान संवाददाता। समाहरणालय के समीक्षा भवन में शनिवार को भारत निर्वाचन आयोग के विशेष प्रेक्षक, निर्वाचन सूची भारत खेड़ा ने विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य है कि कोई योग्य मतदाता छूटना नहीं चाहिए और कोई गलत मतदाता रहना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि एसआईआर में तमाम दलों के लोगों का सहयोग मिलता रहा है। श्री खेड़ा ने कहा कि अगस्त के प्रथम सप्ताह में भी तमाम दलों के साथ बैठक हुई थी और प्रकाशित प्रारूप में छुटे हुए मतदाता, मृतक मतदाता और अनुपस्थित मतदाता के संबंध में दावा आपत्ति देने हेतु अपील की गई थी, तीन दिन और शेष बचे हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

अगर कोई मतदाता छूट गए हैं तो अभी भी तीन दिनों शेष हैं, उनका प्रपत्र 1 सितंबर तक जमा करवा दें। 25 सितंबर तक ईआरओ सत्यापन करेंगे तथा 30 सितंबर 2025 को अंतिम सूची का प्रकाशन होगा। ईआरओ क्षेत्र में जाकर जांच करेंगे और आर्डर पास करेंगे, उस आदेश के खिलाफ जिला निर्वाचन पदाधिकारी के पास आपत्ति की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि प्राप्त होने वाले दावा आपत्ति की हर रोज की सूची ईसीआई के वेबसाइट पर डाला जाए ताकि पता चल सके की दवा आपत्ति क्या है। बैठक में शामिल सभी दलों के प्रतिनिधियों से उन्होंने एसआईआर के बारे में फीडबैक भी लिया। जिलाधिकारी ने जिले में मतदाताओं का पूरा विवरण प्रस्तुत किया भागलपुर। बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने विशेष प्रेक्षक को भागलपुर जिले के सात विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के संबंध में अवगत कराया। बताया कि पूर्व में जिले में कुल 2263 मतदान केंद्र थे, 1200 मतदाता के आधार पर युक्तिकरण के बाद 415 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं। अब कुल मतदान केंद्रों की संख्या 2678 हो गई है। भागलपुर में 11 लाख 12 हजार 155 पुरुष मतदाता, 10 लाख 46 हजार 58 महिला मतदाता एवं 104 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। कुल 21 लाख 58 हजार 317 मतदाता है। जेंडर रेशियो 947 और इपी रेशियो 0.56 है। उन्होंने बताया कि प्रारूप प्रकाशन के पूर्व 24 लाख 414 मतदाता थे। प्रारूप प्रकाशन में 21 लाख 55 हजार 802 मतदाता हैं। जिनमें पुरुष मतदाता की संख्या 11 लाख 10 हजार 458 एवं महिला मतदाता की संख्या 10 लाख 45 हजार 237 एवं तृतीय लिंग मतदाता 107 हैं।