Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsElection Candidates Receive Symbols in Bhagalpur Campaigning Begins
सिंबल मिलते ही मैदान में उम्मीदवार, जिला कार्यालय में पसरा सन्नाटा

सिंबल मिलते ही मैदान में उम्मीदवार, जिला कार्यालय में पसरा सन्नाटा

संक्षेप: उम्मीदवारों को सिंबल मिलने के बाद भी, बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान प्रमुख राजनीतिक दलों (कांग्रेस, राजद, भाजपा, जनसुराज) के जिला कार्यालयों में सन्नाटा पसरा है। सभी प्रत्याशी और नेता जनसंपर्क में व्यस्त हैं।

Sun, 26 Oct 2025 01:46 AMNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

विधानसभा चुनाव में उतरे सभी उम्मीदवारों को सिंबल मिल गया है। प्रत्याशी और उनके समर्थक प्रचार में जुट गए हैं। सुबह से लेकर देर रात तक जनसंपर्क हो रहा है। कहीं छोटी सभाएं हो रही हैं तो कहीं बैठकी चल रही है। कार्यकर्ता सम्मेलन के बहाने लोगों को जुटाया जा रहा है लेकिन पार्टियों के जिला दफ्तर में सन्नाटा पसरा है। वहां न प्रत्याशी जा रहे हैं न ही जिले में कैंप कर रहे दूसरी जगहों से आए संगठन के नेता।

शुक्रवार को ‘हिन्दुस्तान टीम’ ने सभी प्रमुख दलों के जिला कार्यालयों का जायजा लिया। दीपनगर स्थित सबसे पुराने कांग्रेस कार्यालय में पहले के दौर में चुनाव के दौरान गहमागहमी होती थी। शुक्रवार को यहां पूरा सन्नाटा था। कार्यालय परिसर में कुछ मवेशी दिखे तो कुछ बच्चे खेलते मिले। अंदर बाहर झांकने पर कोई नहीं दिखा। स्थानीय लोगों ने बताया कि अब चुनाव में यहां कोई गतिविधि नहीं होती। वहीं भीखनपुर गोल मैदान के पास राजद जिला कार्यालय में भी ताला लटका था। बरामदे पर दो बकरियां बंधी थीं।

इधर, रानी तालाब स्थित जिला भाजपा कार्यालय में गेट लगा था। आवाज देने पर कार्यालय के पिछले हिस्से से दो युवक निकले जो केयर टेकर थे। बताया गया कि हाल फिलहाल कोई नेता नहीं पहुंचे हैं। जब बैठक होती है तो पार्टी के नेता पहुंचते हैं। इसी इलाके में जनसुराज का जिला कार्यालय भी है। प्रत्याशी की घोषणा होने तक यहां जनसुराज के नेताओं का आना जाना था। अभी यहां केयर टेकर तो दिखे लेकिन पार्टी के नेता नहीं थे।