
लखीसराय: झाड़फूंक के चक्कर में वृद्ध महिला की गई जान
बिहार के पीरी थाना क्षेत्र के खुद्दीवन गांव में एक 70 वर्षीय महिला गीता देवी की सांप के काटने से मौत हो गई। परिजनों ने उसे अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने का निर्णय लिया, जिससे कीमती समय...
कजरा, एक संवाददाता। जिले के नक्सल प्रभावित पीरी थाना क्षेत्र के खुद्दीवन गांव में झाड़-फूंक के चक्कर में एक वृद्ध महिला की जान चली गई। मृतक वृद्ध महिला की पहचान खुद्दीवन गांव निवासी गणेश यादव की 70 वर्षीय पत्नी गीता देवी के रूप में की गई है। घटना बुधवार की है जब वृद्ध महिला गीता देवी को उसके घर में जहरीले सांप ने काट लिया। सांप ने वृद्ध महिला को बुधवार की सुबह 9 बजे के आसपास डसा,लेकिन परिजन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय अंधविश्वास में पड़ गए। महिला की हालत बिगड़ती रही, लेकिन परिजन और गांव के लोग झाड़-फूंक कराने वाले ओझा को बुला लाए।

पूरा दिन ओझा ने झाड़फूंक किया, मंतर फूंका गया, पर महिला की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। दिनभर झाड़-फूंक चलती रही और बहुमूल्य समय यूं ही नष्ट होता रहा। देर रात जब महिला की हालत बेहद नाजुक हो गई, तब परिजन उसे चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टर ने वृद्ध महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लखीसराय भेजा गया। घटना की पुष्टि पीरी बाजार थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने की। वहीं चिकित्सकों का कहना है कि अगर पीड़िता को समय रहते लाया गया होता, तो उसकी जान बच सकती थी। सांप के काटने की स्थिति में हर मिनट कीमती होता है और एंटी-वेनम इंजेक्शन से जान बचाई जा सकती है। मगर ग्रामीण अंधविश्वासों और झाड़-फूंक में समय गंवा देते हैं। इस घटना ने एक बार फिर से साबित कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में अंधविश्वास आज भी जान का दुश्मन बना हुआ है। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन कई बार जागरूकता अभियान चलाता है, लेकिन जमीन पर असर अभी भी बेहद सीमित है। अब जरूरत है कि समाज जागे और चिकित्सा को प्राथमिकता दे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


