Bhagalpur News: सुपौल: धान रोपनी के लिए निकले किसान की ट्रेन से गिरकर मौत
Bhagalpur News: सुपौल में धान रोपनी के लिए घर से निकले 65 वर्षीय किसान महादेव शर्मा की ट्रेन से गिरने से मौत हो गई। परिवार में मातम छा गया है। जब उन्हें पहचानने के बाद परिजनों को सूचना दी गई, तब उनका शव पोस्टमार्टम के बाद गांव लाया गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

Bhagalpur News: सुपौल, से रवि कुमार की रिपोर्ट धान रोपनी के लिए घर से निकले एक वृद्ध किसान की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। घटना पिपरा थाना क्षेत्र के रामनगर पंचायत के कोशलीपट्टी वार्ड 18 निवासी महादेव शर्मा (65) के साथ हुई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि महादेव शर्मा शनिवार को धान रोपनी के काम के लिए मगध क्षेत्र जा रहे थे। उनके बड़े पुत्र रामकुमार शर्मा उन्हें सुपौल रेलवे स्टेशन तक छोड़ने आए थे।
ट्रेन में बैठाने के बाद वह घर लौट गए। रविवार की सुबह करीब 11 बजे पिपरा थाना क्षेत्र के एक चौकीदार ने मृतक के पास मिले आधार कार्ड के आधार पर उनकी पहचान कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। चौकीदार ने बताया कि वीणा गांव और बरुआरी रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन से गिरने के कारण उनकी मौत हुई है। सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। बड़े पुत्र रामकुमार शर्मा ने बताया कि उनके पिता के सिर में गंभीर चोट लगी थी, जबकि बायां हाथ भी कट गया था। अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। शव के घर पहुंचते ही कोशलीपट्टी गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। पत्नी शांति देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी थानाध्यक्ष गुड्डु कुमार का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से गिरने का प्रतीत होता है। हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।


