सरकारी स्कूल के एक चौथाई बच्चों को नहीं मिली पाठ्य पुस्तकें

Newswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

बिहार राज्य टेक्स्ट बुक कॉर्पोरेशन ने भेजी है महज 75 प्रतिशत किताबें भागलपुर जिले को

सरकारी स्कूल के एक चौथाई बच्चों को नहीं मिली पाठ्य पुस्तकें

भागलपुर, वरीय संवाददाता। सरकारी स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र शुरू हुए 15 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक स्कूलों में पढ़ने वाले एक चौथाई बच्चों को किताबें उपलब्ध नहीं की गई हैं। शेष बचे बच्चों को किताब नहीं मिलने के कारण इन्हें पढाई करने में परेशानी हो रही है। शिक्षा विभाग की ओर से कक्षा एक से आठ तक के बच्चों के लिए विषयवार नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक बांटी जा रही हैं। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए भागलपुर जिले को विभाग की ओर से 3.66 लाख किताबें भेजी गई हैं। बिहार राज्य टेक्स्ट बुक कॉरपोरेशन की ओर से सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालयों में 75 प्रतिशत छात्रों के लिए ही पुस्तक उपलब्ध कराई गई है।

वहीं प्रखंड मुख्यालयों से स्कूलों को पुस्तक वितरण किया गया है। स्कूलों को कहा गया है कि पहले नियमित स्कूल आने वाले बच्चों को ही किताबों को वितरित करें। स्कूल से आए दिन अनुपस्थित रहने वाले बच्चों को बाद पुस्तक उपलब्ध कराया जाएगा। कॉरपोरेशन की किताबों की दूसरी खेप मिलने के बाद शेष बचे बच्चों को बांटी जाएगी।किताब के लिए मांग पत्र भेजा जाएगा: मामले पर जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि जितनी किताबें कॉर्पोरेशन की ओर से उपलब्ध कराई गई थीं। उनमें से अधिकांश किताबें बच्चों को बांट दी गई हैं। स्कूलों की तरफ से किताबों की मांग होती है तो शिक्षा विभाग को किताबों के लिए मांग पत्र भेजा जाएगा। इधर, सरकारी विद्यालयों में नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। नए नामांकित बच्चों के लिए किताबों की जरूरत होगी। बता दें कि बीते नौ अप्रैल को जगदीशपुर प्रखंड शिक्षा कार्यालय में स्कूल के शत प्रतिशत बच्चों के लिए पुस्तक की मांग को लेकर विवाद भी हो गया था। ऐसे में शेष बचे छात्रों के लिए पुस्तक वितरण की मांग तेज हो गई है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।