Bhagalpur News: महाशय ड्योढ़ी में बोधन घट की हुई पूजा, बड़ी संख्या में कौड़ी लूटने पहुंचे श्रद्धालु
Bhagalpur News: ढोल-नगाड़े और शंखनाद के बीच बंगाली टोला घाट पहुंचा बोधन घट नवपत्रिका को बहू के

Bhagalpur News: नाथनगर, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि । दुर्गा पूजा के चतुर्थी पूजा को लेकर महाशय ड्योढ़ी दुर्गा मंदिर परिसर से सुबह सात बजकर 15 मिनट पर दूसरा बोधन घट ढोल-नगाड़े, शंखनाद और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ बंगाली टोला घाट ले जाया गया। इस दौरान नवपत्रिका (कोला बऊ) को बहू के रूप में सजाकर घाट तक ले जाया गया। बंगाली परंपरा के अनुसार नवपत्रिका को मां दुर्गा का प्रतीक माना जाता है। बंगाली टोला घाट पर मंत्रोच्चार के साथ नवपत्रिका को नौ प्रकार के द्रव्यों से स्नान कराया गया। इसमें गंगाजल, दूध, मधु, गुड़, तेल, चंदन, गोमूत्र, सोने की भस्म और चांदी की भस्म का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद नवपत्रिका को साड़ी पहनाकर बहू का रूप दिया गया। इसमें केले के पौधे, हल्दी, मान, बेलपत्र, अशोक, धान की बाली, आम के पत्ते, तुलसी और अन्य पवित्र वनस्पतियों को शामिल किया गया। बोधन घट भरने के बाद कलश और नवपत्रिका को वापस मंदिर लाया गया। द्वार पूजा और आरती के बाद पारंपरिक कौड़ी लूट की रस्म निभाई गई। पौराणिक मान्यता के मुताबिक कौड़ी प्राप्त करने से घर में सुख-समृद्धि और धन-धान्य आता है। कई श्रद्धालु इसे अपने पूजा घर में रखते हैं, जबकि सुहागिन महिलाएं इसे सिंदूर के लिए में संभाल कर रखती हैं।
नाथनगर में दुर्गा पूजा का उत्साह
दुर्गा पूजा को लेकर नाथनगर का पूरा इलाका हुआ भक्तिमय
सार्वजनिक पूजा समिति के महामंत्री देवाशीष बनर्जी ने बताया कि बंगाली टोला के परिवारों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। महिलाओं द्वारा अपने घरों में अल्पना बनाकर कलश स्थापित कर शंखनाद व उलूलू ध्वनि के साथ बोधन घट का स्वागत किया गया। सुहागिन विवाहित महिलाओं ने अलता लगाकर और एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर पति की दीर्घायु की कामना की। कार्यक्रम में महाशय तारकनाथ घोष ट्रस्ट की ओर से अध्यक्ष डॉ. अरविंदो घोष, कोषाध्यक्ष डॉ. दीपछंदा घोष, मुक्ता घोष, सृंजय प्रधान, पुजारी शुभाशीष लाहिड़ी, मधु यादव, मिट्ठू आचार्य, पारस चक्रवर्ती और नंदन पालित सहित कई लोग मौजूद रहे।

