कटिहार : सूखा नशा किशोरों के लिए बन रहा जानलेवा
कुरसेला में सूखे नशे (स्मैक/ब्राउन शुगर) की लत किशोरों और युवाओं के लिए गंभीर संकट बन गई है। कई किशोर पैसे नहीं मिलने पर आत्मघाती कदम उठा रहे हैं। हाल ही में एक युवक ने पैसे की मांग पूरी न होने पर ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। स्थानीय लोग नशे के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

कुरसेला, निज प्रतिनिधि। थाना क्षेत्र में सूखा नशा (स्मैक/ब्राउन शुगर जैसे नशीले पदार्थ) किशोरों और युवाओं के लिए जानलेवा साबित होता जा रहा है। हालात ऐसे बनते जा रहे हैं कि नशे की लत में फंसे कई किशोर पैसे नहीं मिलने पर आत्मघाती कदम उठाने से भी नहीं हिचक रहे हैं। लगातार सामने आ रही घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि सूखा नशा अब केवल गलत आदत नहीं, बल्कि समाज के लिए एक गंभीर संकट बन चुका है। पिछले दिनों टेंगरिया, कदमकुआं निवासी एक युवक ने घर से नशा करने के लिए पैसे की मांग की थी। पैसे नहीं मिलने पर गुस्से में आकर उसने रेलवे पटरी पर हाथ रख दिया और ट्रेन से कटवा लिया।
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। वहीं सोमवार को कोसी रेलपुल से एक युवक ने नदी में छलांग लगा दी थी, हालांकि गोताखोरों ने समय रहते उसकी जान बचा ली। लोगों के अनुसार युवक नशे की हालत में लग रहा था। इन घटनाओं ने यह साफ कर दिया है कि सूखा नशा किशोरों और युवाओं की जिंदगी को बर्बाद कर रहा है। नशे की लत उन्हें मानसिक रूप से इतना कमजोर बना देती है कि वे छोटी बातों पर हिंसक, आक्रामक और आत्मघाती कदम उठा लेते हैं। कई मामलों में घर-परिवार भी असहाय नजर आता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सूखा नशा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई तो होती है, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर वही खेल शुरू हो जाता है। यह चिंता का विषय है कि कहीं न कहीं नशे का नेटवर्क मजबूत होता जा रहा है। विशेषज्ञों और जागरूक लोगों का मानना है कि केवल पुलिस कार्रवाई से इस समस्या का समाधान संभव नहीं है। इसके लिए समाज, प्रशासन, जनप्रतिनिधि, स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों को मिलकर संयुक्त अभियान चलाना होगा। स्कूलों में जागरूकता, मोहल्लों में निगरानी, संदिग्ध ठिकानों पर लगातार कार्रवाई और नशे के शिकार युवाओं के लिए काउंसलिंग व इलाज की व्यवस्था जरूरी है। आज जरूरत है कि सूखा नशा को अपराध के साथ-साथ सामाजिक आपदा मानकर सख्ती और संवेदनशीलता दोनों के साथ निपटा जाए, ताकि किशोरों का भविष्य बचाया जा सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


