Bhagalpur News: सहयोग शिविर में डीएम ने सुनीं लोगों की समस्याएं
Bhagalpur News: डीएम विक्रम वीरकर ने कसिमपुर पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया, जहाँ उन्होंने लोगों की समस्याएँ सुनीं। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि आवेदन और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को सरकारी योजनाओं का तुरंत लाभ मिल सके। इस शिविर में स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की बड़ी संख्या मौजूद थी।

Bhagalpur News: खगड़िया से जितेन्द्र कुमार की रिपोर्ट डीएम विक्रम वीरकर ने मंगलवार को सदर प्रखंड अंतर्गत कसिमपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में स्वयं उपस्थित होकर आमजन से संवाद स्थापित किया गया तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनी। उन्होंने शिविर में उपस्थित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ बिना किसी अनावश्यक विलंब के प्राप्त हो सके। उन्होंने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी भी प्राप्त की तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं से शत-प्रतिशत आच्छादित करने पर बल दिया।
साथ ही उन्होंने लोगों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर योजनाओं का लाभ उठाने एवं अपनी समस्याओं को निःसंकोच प्रशासन के समक्ष रखने की अपील की। सहयोग शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों का पंजीकरण किया गया तथा कई मामलों का स्थल पर ही निष्पादन किया गया। शेष प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं नियमानुसार निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य प्रशासन को आमजन के द्वार तक पहुँचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। जिला प्रशासन प्रत्येक पात्र नागरिक तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने एवं जनसेवा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस अवसर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी धनंजय कुमार, संबंधित विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।


