Bhagalpur News: सहयोग शिविर में डीएम व प्रभारी एसपी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
Bhagalpur News: दिघलबैंक में आयोजित सहयोग शिविर में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार और प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरि मोहन शुक्ला ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। शिविर में 42 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें बिजली, सामाजिक सुरक्षा, मनरेगा और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित मुद्दे शामिल थे। अधिकारियों को सभी मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

Bhagalpur News: दिघलबैंक से विक्रम मिश्रा की रिपोर्ट प्रखंड की जागीर पदमपुर पंचायत स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय कटहलबाड़ी, पदमपुर में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में जिला पदाधिकारी नवीन कुमार एवं प्रभारी पुलिस अधीक्षक हरि मोहन शुक्ला ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। शिविर में ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, सामाजिक सुरक्षा, मनरेगा, राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 42 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 13 आवेदन बिजली विभाग, 10 सामाजिक सुरक्षा, 7 मनरेगा, 4 लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, 3 ग्रामीण विकास, 2 राजस्व एवं भूमि सुधार, 2 शिक्षा तथा 1 स्वास्थ्य विभाग से संबंधित थे।
डीएम ने बिजली आपूर्ति, नए कनेक्शन, तार-पोल, मीटर और बिल संबंधी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का निर्देश दिया। वहीं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के पात्र लाभुकों को बिना अनावश्यक विलंब लाभ उपलब्ध कराने तथा मनरेगा एवं राजस्व संबंधी मामलों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान डीएम एवं प्रभारी एसपी ने 18 विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध निष्पादन हो तथा इसकी जानकारी संबंधित आवेदकों को भी दी जाए। डीएम ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य पंचायत स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। वहीं प्रभारी एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनकर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी बप्पी ऋषि, जागीर पदमपुर पंचायत की मुखिया सएदा बेगम, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


