पीरपैंती बिजली घर के निर्माण में रैयतों का रोड़ा बढ़ाएगी मुश्किलें
फोटो : कई रैयतों ने नये रेट पर मुआवजा के लिए हाईकोर्ट में किया है
भागलपुर/पीरपैंती, हिन्दुस्तान टीम। पीरपैंती में 1600 मेगावाट का नया कोयला आधारित अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल बिजलीघर निर्माण की घोषणा के बाद 2008 में अधिग्रहीत जमीन का उपयोग हो सकेगा। परियोजना के लिए 948 एकड़ जमीन का अधिग्रहण पांच मौजे की जमीन में किया गया था। परियोजना के लिए प्रखंड के सुंदरपुर, टुंडवा-मुंडवा, रायपुरा, श्रीमतपुर व हरिणकोल की जमीन 918 किसानों से ली गई थी। जिसमें कुछ ने मुआवजा लेने के बाद कम राशि मिलने पर नाराजगी जताई और हाईकोर्ट में मुकदमा दायर किया। अब तक मुकदमे में निर्णय नहीं आ पाया है। शनिवार को आठ मामले में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने हाईकोर्ट में शपथपत्र भी दाखिल किया कि किसानों की मांग गलत है। पंचाट से तय राशि उन्हें दे दी गई है। इस पर कोर्ट की अगली तारीख पर क्या निर्णय आता है, इससे विभाग भी अंजान है। लेकिन डर इस बात को लेकर है कि रैयतों का रोड़ा कहीं परियोजना निर्माण की मुश्किलें न बढ़ा दे।
सघन पेड़-पौधे होने से सोलर प्लांट की योजना रद्द हुई
परियोजना की घोषणा के बाद से यह किसी न किसी कारणों से झंझावतों में रहा है। पहले तापघर की घोषणा 2008 हुई, बाद में सोलर पावर प्लांट की घोषणा हो गई। जिसको लेकर किसान आंदोलित हो गए। किसान चेतना एवं उत्थान समिति, पीरपैंती ने यह कहकर विरोध किया था कि तापघर बनेगा तो युवाओं को नौकरी मिलेगी और रोजगार मिलेगा। लेकिन सोलर पावर प्लांट से कुछ नहीं हासिल होगा। दरअसल, कहलगांव में एनटीपीसी होने के चलते यहां कोयला आधारित पावर प्लांट को छोड़कर सोलर पावर प्लांट की योजना बनाई गई। किसानों के विवाद के बीच सरकार ने 200 मेगावाट से क्षमता बढाकर 350 मेगावाट कर दिया था। इसी बीच सर्वे में बताया गया कि पीरपैंती में सघन पेड़-पौधे हैं। इसलिए मात्र 50 मेगावाट बिजली की उत्पादित हो सकेगी। फिर सरकार ने निर्णय बदलते हुए अब 1600 मेगावाट के प्रोजेक्ट की मंजूरी दी है।
200 करोड़ रुपये सृजन घोटाले की भेंट चढ़ गयी थी
परियोजना की बदकिस्मती यह रही कि रैयतों के मुआवजा की दो सौ करोड़ की राशि सृजन घोटाले में चली गई। इसके चलते लंबे समय तक रैयतों को मुआवजा का भुगतान नहीं हो सका था। बाद में जिला भू-अर्जन कार्यालय द्वारा मुख्यालय को पत्र भेजकर पुनः आवंटन की मांग की गयी। तब 199 करोड़ रुपये का आवंटन प्राप्त हुआ। आवंटन प्राप्त होने के बाद रैयतों को मुआवजा का भुगतान किया गया।
कोट
परियेाजना के लिए अधिग्रहीत जमीन का मुआवजा लगभग रैयतों को दे दिया गया है। कुछ किसानों ने हाईकोर्ट में मुआवजे की राशि बढ़ाने के लिए मुकदमा किया है। उसमें प्रशासन की ओर से शपथपत्र करते हुए पक्ष रखा गया है।
- विनोद कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, भागलपुर।

