सहरसा: अब जल्द ही गुदरी हाट का स्वरूप बदलेगा

सहरसा: अब जल्द ही गुदरी हाट का स्वरूप बदलेगा

संक्षेप:

सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद ने गुदरी हाट में सुविधाओं के विकास के लिए पहल की है। सड़क निर्माण कार्य के लिए 40 लाख रुपये की लागत से स्वीकृति मिल गई है, जिससे दुकानदारों और ग्राहकों को सुविधा मिलेगी। नए शौचालय, शुद्ध पेयजल और स्ट्रीट लाइट्स की योजना बनाई जा रही है।

Dec 12, 2025 05:39 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

सिमरी बख्तियारपुर, निज संवाददाता। सिमरी बख्तियारपुर नगर परिषद मुख्य बाजार स्थित प्रसिद्ध गुदरी हाट में अब लोगों को सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में नगर परिषद प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। हाट में सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति मिल चुकी है, जिसके पूरा होने पर स्थानीय दुकानदारों एवं हाट बाजार में खरीदारी करने वालों दोनों को सुविधा मिलेगी। नगर परिषद उपसभापति प्रतिनिधि सह वार्ड पार्षद विकास कुमार विक्की ने बताया कि गुदरी हाट के सर्वांगीण विकास पर लगभग 40 लाख रुपये की लागत से कार्य कराया जाएगा। इसमें सड़क निर्माण के साथ-साथ अन्य सुविधाओं का भी विस्तार शामिल है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

उन्होंने बताया कि वर्षों से सड़क नहीं होने के कारण वर्षा के दिनों मेंए दुकानदारों और ग्राहकों को कीचड़ व जलजमाव की समस्या का सामना करना पड़ता था। सड़क निर्माण की घोषणा के बाद हाट में उत्साह का माहौल है। दुकानदार स्वयं सहयोग करते हुए अपने-अपने दुकानों को पीछे हटाने एवं दुकानों को उंचीकरण में जुटे हैं, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने जानकारी दी कि सड़क के अलावा भी हाट में कई महत्वपूर्ण सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। लोगों की सुविधा हेतु शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की जाएगी, साथ ही दो नए डिलक्स शौचालयों का निर्माण भी प्रस्तावित है। वर्तमान में हाट में दो शौचालय मौजूद हैं, लेकिन बढ़ती भीड़ को देखते हुए उनकी संख्या बढ़ाना आवश्यक समझा गया है, ताकि ग्राहकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अतिरिक्त नप प्रशासन द्वारा स्ट्रीट लाइट लगाने की भी योजना बनाई गई है, जिससे रात के समय दुकानदारों एवं खरीदारों को बेहतर रोशनी और सुरक्षा मिल सकेगी। नप प्रशासन की इस पहल से हाट दुकानदारों शुभम कुमार, डिंपल कुमार, नितेश कुमार, सोनू कुमार, उमेश गुप्ता, बिहारी जायसवाल, राजा कुमार, राजकुमार पोद्दार, चंदेश्वरी गुप्ता, राजू भगत सहित कई अन्य व्यापारियों में खुशी और संतोष का माहौल है। दुकानदारों ने कहा कि सुविधाओं के विकास से हाट का स्वरूप बदलेगा और व्यापार में भी वृद्धि की संभावनाएं बढ़ेंगी।