गोथरा झील को पर्यटन और इको पार्क के रूप में विकसित करने की मांग
ठाकुरगंज नगर मंडल भाजपा अध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री बिहार को पत्र भेजकर गोथरा झील को पर्यटन स्थल एवं इको पार्क में विकसित करने की मांग की है। इससे रोजगार और पर्यटन के क्षेत्र में संभावनाएं खुलेंगी। झील के विकास से स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी।

ठाकुरगंज से राजीव सिन्हा की रिपोर्ट ठाकुरगंज नगर मंडल भाजपा अध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री बिहार को पत्र भेजकर ठाकुरगंज प्रखंड के निकट स्थित ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक महत्व की गोथरा झील को पर्यटन स्थल एवं इको पार्क के रूप में विकसित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी योजना के क्रियान्वयन से न केवल क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी, बल्कि रोजगार और पर्यटन के क्षेत्र में भी व्यापक संभावनाएं खुलेंगी। मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में अतुल कुमार सिंह ने उल्लेख किया है कि ठाकुरगंज नगर पंचायत से सटे चुरली ग्राम पंचायत अंतर्गत गोथरा में स्थित लगभग 12 एकड़ क्षेत्र में फैली गोथरा झील प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है।
झील राष्ट्रीय राजमार्ग-327 ई के समीप होने के कारण यहां पर्यटकों की पहुंच भी सहज और सुविधाजनक है। पत्र में बताया गया है कि पूर्व में जिला प्रशासन के निर्देश पर लघु जल संसाधन विभाग एवं स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन के अधिकारियों द्वारा स्थल का निरीक्षण और भौतिक सत्यापन किया जा चुका है। अधिकारियों ने भी इस क्षेत्र को पर्यटन स्थल एवं इको टूरिज्म पार्क के रूप में विकसित किए जाने की संभावनाओं को सकारात्मक माना है। प्रस्ताव के अनुसार झील परिसर में बोटिंग, वॉकिंग ट्रैक, जॉगिंग ट्रैक, आकर्षक लाइटिंग, म्यूजिकल फाउंटेन, बच्चों के मनोरंजन की व्यवस्था, पार्किंग, कैफेटेरिया एवं रेस्टोरेंट जैसी सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं। इससे न केवल ठाकुरगंज और किशनगंज जिले के लोगों को बेहतर पर्यटन स्थल मिलेगा, बल्कि पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल एवं नेपाल से भी बड़ी संख्या में पर्यटकों के आने की संभावना बढ़ेगी। अतुल कुमार सिंह ने कहा कि गोथरा झील का विकास क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई गति देगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस परियोजना के लिए आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृति एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि यदि गोथरा झील को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाता है तो ठाकुरगंज को राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल होने का अवसर मिलेगा और सीमांचल क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


