
अपडेट के नाम पर खाते का ‘मीटर’ कर रहे डाउन
बिजली मीटर को अपडेट कराने के नाम ऑनलाइन ठगी पिछले दो महीने में ऐसी 20
भागलपुर, वरीय संवाददाता। ऑनलाइन ठगी के लिए साइबर अपराधियों का तरीका समय के साथ बदलता रहा है। लेकिन हाल के महीने में ऑनलाइन ठगी के सर्वाधिक मामले बिजली मीटर से संबंधित सामने आ रहे हैं। स्थिति यह है कि अपडेट के नाम पर आमलोगों के साथ ही बुद्धिजीवियों के बैंक खाते का भी मीटर डाउन हो रहा है। साइबर ठग लगातार लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। पिछले दो महीने में ऐसे 20 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं जिनमें लाखों रुपये की ऑनलाइन ठगी हो चुकी है। बिजली मीटर अपडेट और रिचार्ज के नाम पर हुई ठगी - चार दिसंबर को इशाकचक थाना क्षेत्र के रहने वाले और सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त अभियंता एके चौधरी से बिजली मीटर अपडेट कराने के नाम पर साइबर ठगों ने तीन लाख रुपये ऑनलाइन ठगी कर ली।

उन्होंने पुलिस को बताया कि मीटर अपडेट करने के लिए एप इंस्टॉल कराया और फिर मोबाइल को हैक कर पैसे की निकासी कर ली। - जोगसर थाना क्षेत्र में सीएमएस स्कूल के पास रहने वाली रूपा मंडल से भी बिजली मीटर अपडेट कराने के नाम पर ऑनलाइन ठगी हुई। उनसे 1.70 लाख रुपये की ठगी हुई। उन्होंने पुलिस को बताया था कि मीटर अपडेट कराने के लिए एप इंस्टॉल कराया और खाते से पैसे की निकासी कर ली गई। 21 नवंबर को घटना को लेकर केस दर्ज किया गया। - कंबाइंड बिल्डिंग में प्रतिनियुक्त होमगार्ड जवान विनोद कुमार यादव से भी बिजली मीटर अपडेट के नाम पर ऑनलाइन ठगी हुई। घटना छह नवंबर को हुई थी जिसको लेकर बाद में केस दर्ज कराया। पीड़ित ने बताया कि उनके खाते से 92 हजार रुपये की अवैध निकासी की गई। एप डाउनलोड करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया था। - आदमपुर में बैंक कॉलोनी के रहने वाले प्रगम प्रांश से नौ नवंबर को बिजली मीटर रिचार्ज के नाम पर 66 हजार रुपये की ठगी हुई थी। उसने पुलिस को बताया था कि कॉल करने वाले ने सौ रुपये का रिचार्ज कराने को कहा था। रिचार्ज कराते ही उसके खाते से पैसे की अवैध निकासी कर ली गई। घटना को लेकर केस दर्ज कराया। बॉक्स ऐसे फ्रॉड से बचने को इन बातों का रखें ध्यान - बिजली मीटर अपडेट करने की बात कह अंजान शख्स कॉल करे तो उसे नजरअंदाज करें - मीटर रिचार्ज करने को लेकर मैसेज आता है जिसमें बैलेंस भी बताया जाता है, उसे देखें - अपने मीटर रिचार्ज करने के लिए बिजली विभाग के ऑफिशियल एप का ही इस्तेमाल करें - ऐसे कॉल लगातार आए तो बिजली विभाग से संपर्क करें और पुलिस से शिकायत जरूर करें - मीटर अपडेट करने के लिए बिजली विभाग से कॉल नहीं आता, ऐसा हो तो मैसेज आता है वर्जन बिजली मीटर को अपडेट कराने और रिचार्ज नहीं करने पर कनेक्शन काटने के धमकी भरे कॉल कर साइबर अपराधी ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं। ऐसे मामले पिछले कुछ महीने में बढ़े हैं। इस तरह के कॉल से बचना चाहिए। लोगों को जागरूक होना जरूरी है। - कनिष्क श्रीवास्तव, डीएसपी साइबर

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




