
ठगी का नया तरीका : एटीएम में डिवाइस लगाकर ग्राहकों के पैसे निकाल रहे
तिलकामांझी यूको बैंक में दो मामलों के बाद बैंक हुआ सतर्क, केस दर्ज बैंक प्रबंधन
भागलपुर, वरीय संवाददाता साइबर अपराधियों ने अब ठगी का नया तरीका अपनाया है। वे एटीएम मशीनों में अवैध डिवाइस लगाकर ग्राहकों के पैसे निकाल रहे हैं। इस नई चालाकी ने बैंकों को भी चौंका दिया है। घटना के अनुसार, ठग एटीएम मशीन में एक विशेष डिवाइस फिट कर देते हैं, जिससे ग्राहकों के पैसे एटीएम से निकल नहीं पाते। ग्राहक यह समझते हैं कि लेन-देन असफल हुआ और वहां से चले जाते हैं। इसके बाद अपराधी एटीएम में प्रवेश कर डिवाइस हटाते ही फंसे हुए पैसे बाहर निकल आते हैं, जिन्हें वे लेकर चंपत हो जाते हैं। ऐसी दो घटनाओं के सामने आने के बाद तिलकामांझी स्थित यूको बैंक शाखा के प्रबंधक ने सात जनवरी को थाने में मामला दर्ज कराया है।
बैंक प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी एटीएम केंद्रों पर सुरक्षा बढ़ाने तथा निगरानी सख्त करने के निर्देश जारी किए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज में कैद ठगी की पूरी वारदात, बैंक ने कराया केस दर्ज तिलकामांझी स्थित यूको बैंक के एटीएम में ठगी की दो घटनाएं सीसीटीवी फुटेज में सामने आई हैं। बैंक प्रबंधक ने दोनों मामलों का उल्लेख करते हुए थाने में मामला दर्ज कराया है। मैनेजर के अनुसार, 14 दिसंबर की शाम एक व्यक्ति एटीएम से पैसे निकालने गया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद पैसे नहीं निकले तो वह लेन-देन असफल मानकर बाहर निकल गया। उसके तुरंत बाद एक अन्य व्यक्ति एटीएम में घुसा और मशीन पर लगाए गए अवैध डिवाइस को निकालकर शाम 5:30 बजे 10 हजार रुपये निकालकर फरार हो गया। थोड़ी देर बाद एक और ग्राहक निकासी के लिए पहुंचा। पैसे न निकलने पर वह भी लौट गया। तभी वही ठग दोबारा एटीएम में प्रवेश करता है और पहले से लगाए गए डिवाइस को हटाकर फिर से 20 हजार रुपये की निकासी कर लेता है। यह दूसरा लेन-देन शाम 6:27 बजे दर्ज हुआ। बैंक मैनेजर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से यह साफ हुआ है कि ठग ने शाम 5:18 बजे एटीएम में वह डिवाइस लगाया था। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। बॉक्स इस तरह की ठगी से बचने के लिए रखें ये सावधानियां एटीएम से पैसे निकालते समय यदि प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी पैसे नहीं निकलते हैं तो इसके सिर्फ दो संभावित कारण हो सकते हैं। पहला - एटीएम में नकदी समाप्त होना, जिसकी जानकारी आमतौर पर मशीन की स्क्रीन पर दिखाई देती है। इस स्थिति में खाते से राशि डिडक्ट नहीं होती। दूसरा कारण मशीन में पैसे फंस जाना हो सकता है। ऐसे में तुरंत मोबाइल एप या एटीएम से बैलेंस चेक करें। यदि खाते से पैसे कट गए हों तो तुरंत एटीएम गार्ड या संबंधित बैंक शाखा से संपर्क करें और शिकायत दर्ज कराएं। पैसे निकालने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यदि बिना किसी कारण राशि नहीं निकलती है तो इसे सामान्य गलती नहीं, बल्कि संभावित ठगी का मामला समझते हुए सतर्क रहें और बैंक को तुरंत सूचित करें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




