
मुंगेर : रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने बिखेरी अपनी प्रतिभा
तारापुर के असरगंज नगर पंचायत के जलालाबाद स्थित मदर टेरेसा ज्ञान मंदिर विद्यालय में गणतंत्र दिवस पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। बच्चों ने प्रभातफेरी निकाली, ध्वजारोहण किया और देशभक्ति गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में अभिभावकों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ ने भाग लिया।
तारापुर, निज संवाददाता। तारापुर अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत असरगंज नगर पंचायत के जलालाबाद स्थित आवासीय मदर टेरेसा ज्ञान मंदिर विद्यालय परिसर में गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को देशभक्ति से ओत-प्रोत भव्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रशासन के नेतृत्व में बच्चों द्वारा निकाली गई प्रभातफेरी से हुआ। प्रभातफेरी के दौरान बच्चों के देशभक्ति नारों और गीतों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इसके पश्चात विद्यालय परिसर में प्राचार्य कवि गुप्ता ने विद्यालय परिवार की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया। मौके पर उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। कार्यक्रम से पूर्व विद्यालय के संस्थापक एवं पूर्व प्राचार्य स्व. रामचंद्र गुप्ता के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
इधर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। मंच संचालन की भूमिका विद्यालय के कोषाध्यक्ष संजय कुमार ने निभाई, जबकि कार्यक्रम में शिक्षिका लेखनी राज एवं शिक्षक शैलेंद्र कुमार की सक्रिय सहभागिता रही।बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर आकर्षक समूह नृत्य, एकल नृत्य एवं हास्य प्रसंग पर आधारित एकांकी प्रस्तुत कर दर्शकों के हृदय में देशप्रेम की भावना जागृत कर दी। बच्चों द्वारा प्रस्तुत सात शहीदों की झांकी ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया, वहीं नव-दुर्गा के नौ रूपों को धारण किए नौ छात्राओं द्वारा महिषासुर वध की आकर्षक झांकी ने खूब वाहवाही बटोरी। इसके अतिरिक्त बच्चों द्वारा प्रस्तुत हास्य नाटक, झिरझिरा नृत्य, डांडिया, ब्रेक डांस तथा भाषणों को उपस्थित लोगों ने जमकर सराहा। देर शाम तक अभिभावकों सहित स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ कार्यक्रम का आनंद लेती देखी गई। मौके पर बाल्मीकि प्रसाद चौधरी,सौरभ कुमार,राजा बाबू,अरुण कुमार,रेणु कुमारी,प्रिया मिलेनियम क्वीन, सुमन कुमारी ,सुमित कुमार,कुंदन कुमार, कल्याण अमरनाथ वर्मा ,अलका कुमारी एवं चंदा कुमारी सहित सैकड़ो की संख्या में अभिभावक मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




