नल-जल योजना और खराब चापानलों पर बिफरे सदस्य
अधिकारियों की अनुपस्थिति पर पंसस ने जताई नाराजगी, बिजली-कृषि और शिक्षा विभाग पर सवाल प्रमुख

पीरपैंती, निज प्रतिनिधि। नए स्वरूप में पहली बार पीरपैंती प्रखंड पंचायत समिति की एक सामान्य बैठक ट्रायसम भवन में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख रश्मि कुमारी ने की। बैठक में कुछ विभागीय पदाधिकारियों के उपस्थित नहीं होने पर सदस्यों ने कड़ी नाराजगी जताई। बैठक की शुरुआत में सबसे पहले पिछली बैठक के प्रस्तावों की संपुष्टि की गई। बैठक में सबसे अधिक मामले लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) से जुड़े उठाए गए। सदस्यों ने कहा कि क्षेत्र में हर जगह नल-जल योजना पूरी तरह फ्लॉप साबित हो रही है, जिससे आमलोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। अधिकांश स्थानों पर चापानल खराब पड़े हैं और जहां चालू है वहां गंदा या बेहद कम पानी निकल रहा है। शिकायत करने के बावजूद विभागीय अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस मुद्दे पर बैठक में उपस्थित कई मुखिया और पंचायत समिति सदस्य जमकर बिफरे। हालांकि, प्रमुख रश्मि कुमारी और बीडीओ अभिमन्यु कुमार ने सदस्यों को शांत कराते हुए खराब पड़े चापानलों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। चापानल और नल-जल योजना ठप होने की शिकायत रिफातपुर, हुजूर नगर, कीर्तनिया, बाखरपुर और बाबूपुर आदि पंचायतों के मुखिया एवं पंचायत समिति सदस्यों ने प्रमुखता से की।
कृषि, बिजली और शिक्षा व्यवस्था पर पंसस ने उठाए सवाल
कृषि विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए पंचायत समिति सदस्यों ने शिकायत की कि विभाग द्वारा आयोजित बैठकों में उन्हें नहीं बुलाया जाता है। इसके साथ ही कुछ सदस्यों ने खरीफ सीजन को देखते हुए धान के बीज वितरण की मांग भी की। बिजली विभाग की लचर व्यवस्था को लेकर भी सदस्यों ने गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है और पोल गिरने के कई दिनों बाद भी उन्हें अब तक नहीं बदला गया है। शिक्षा व्यवस्था पर चर्चा के दौरान सदस्यों ने शिक्षा समिति की बैठक निर्धारित समय पर नहीं होने को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
बाढ़ अनुश्रवण और विकास योजनाओं की मांग
बैठक में एक महिला पंचायत समिति सदस्य ने बाढ़ अनुश्रवण समिति की बैठक में आमंत्रित नहीं किए जाने पर गहरा क्षोभ प्रकट किया। उन्होंने कहा, हम बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से आते हैं, अतः क्षेत्र की समस्याओं और तैयारियों को जानना हमारा अधिकार है। इस बात पर अन्य कई सदस्यों ने भी उनका समर्थन किया, जिसके बाद प्रमुख ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। बैठक में पंसस की ओर से रिफातपुर सीमानपुर के तीन वार्डों में नए आंगनबाड़ी केंद्र खोलने की मांग की गई। मध्य विद्यालय हरदेवचक और बाखरपुर विद्यालय में बाउंड्रीवॉल तथा शौचालय निर्माण कराने की मांग उठाई गई। बैठक में मुख्य रूप से बीपीआरओ कामेश्वर नारायण, एमओ खुशबू कुमारी, मनरेगा के लेखापाल अजय कुमार सहित कई अन्य कर्मी और त्रिस्तरीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


