Bhagalpur News: सुपौल: कोसी का कहर जारी: बेला गोठ में तेज कटाव से दहशत
Bhagalpur News: किशनपुर, सुपौल में कोसी नदी का कटाव लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों के घर एक-एक कर कोसी में समाते जा रहे हैं, जिसके कारण लोग पलायन करने को विवश हैं। प्रशासन की उदासीनता और बांस पाइलिंग का असर न दिखने से ग्रामीणों में भय का माहौल है।

Bhagalpur News: किशनपुर, सुपौल से रवि कुमार की रिपोर्ट कोसी तटबंध के भीतर दुबियाही पंचायत के बेला गोठ वार्ड 6 में कोसी नदी का कटाव लगातार विकराल रूप धारण करता जा रहा है। बीते कई दिनों से जारी कटाव के कारण ग्रामीणों के घर एक-एक कर कोसी नदी में समाते जा रहे हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग अपने आशियाने को उजाड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करने को विवश हैं। वहीं कटाव रोकने के लिए विभाग द्वारा कराए गए बांस पाइलिंग कार्य का भी कोई असर नहीं दिख रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में अब तक कोई उनकी सुधि लेने नहीं पहुंचा है।
कटाव का विकराल रूप
ग्रामीणों का कहना है कि कोसी नदी की धारा तेजी से आबादी की ओर बढ़ रही है। हर दिन कटाव की रफ्तार बढ़ने से लोगों में भय का माहौल है। नदी किनारे बसे कई परिवार अपने घरों का सामान समेटकर ऊंचे और सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर चुके हैं, जबकि कई परिवार अभी भी भय के साये में दिन-रात गुजार रहे हैं। उनका कहना है कि कभी भी बची हुई बस्तियां भी कोसी की धारा में समा सकती हैं। कटाव को रोकने के लिए विभाग की ओर से कराई गई बांस पाइलिंग भी बेअसर साबित हो रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन को कई बार आवेदन देकर कटाव निरोधी कार्य की मांग की गई थी, जिसके बाद बांस पाइलिंग कराई गई। लेकिन तेज धारा के सामने यह व्यवस्था ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। इससे कटाव की रफ्तार में कोई कमी नहीं आई और लगातार लोगों के घर नदी में समाते जा रहे हैं। कटाव से प्रभावित परिवारों का कहना है कि उनका जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। घर उजड़ने के बाद भी अब तक सरकार की ओर से न तो पॉलीथिन शीट उपलब्ध कराई गई है और न ही खाने-पीने की कोई व्यवस्था की गई है। छोटे-छोटे बच्चों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विस्थापित परिवार खुले आसमान के नीचे या ऊंचे स्थानों पर जैसे-तैसे जीवन गुजार रहे हैं।
हर साल उजड़ता है आशियाना
, फिर भी नहीं मिलता स्थायी समाधान, विस्थापित परिवार राजेश मंडल, ललादेव मंडल, रामविलास मंडल,राजेंद्र साह, परमेस्वर मंडल, जीवछ मंडल सहित ग्रामीणों ने बताया कि कोसी नदी का कटाव हर वर्ष उनकी जिंदगी में तबाही लेकर आता है। हर साल घर उजड़ता है और फिर किसी तरह नया आशियाना बनाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि उनका जीवन अब नरक के समान हो गया है। आपदा के समय न तो कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचते हैं और न ही जनप्रतिनिधि उनकी समस्याओं को सुनने आते हैं। पशुओं के लिए चारे का भी गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है, लेकिन इस दिशा में भी कोई पहल नहीं की जा रही है।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
इस संबंध में प्रभारी सीओ मो. जियाउल कमर ने बताया कि कटाव से विस्थापित परिवारों की सूची तैयार कर जिला प्रशासन को भेज दी गई है। जिला से आवश्यक निर्देश प्राप्त होने के बाद कोई राहत समग्रीह बाटे जाएगे।
संबंधित प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


