कटिहार : 55 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद, दो गिरफ्तार

Feb 17, 2026 04:50 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share

कटिहार जिले में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान के तहत मद्य निषेध टीम ने छापेमारी की। इस कार्रवाई में 55.090 लीटर अवैध शराब और एक सीएनजी टेम्पो जब्त किया गया। दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से एक ने स्वीकार किया कि शराब पश्चिम बंगाल से लाई जा रही थी।

कटिहार : 55 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामद, दो गिरफ्तार

कटिहार, एक संवाददाता। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मद्य निषेध टीम ने अलग-अलग स्थानों पर की गई छापेमारी में कुल 55.090 लीटर अवैध शराब के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान एक सीएनजी टेम्पो भी जब्त किया गया है। उत्पाद अधीक्षक सुभाष सिंह ने बताया कि मद्य निषेध टीम ने रोशना थाना क्षेत्र के लाभा बाजार में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। इस दौरान एक सीएनजी टेम्पो में छुपाकर लाई जा रही 40.410 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। मौके से नगर थाना क्षेत्र के लड़कानिया टोला निवासी मोहम्मद आरजू को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि जब्त किया गया टेम्पो उसी का है और शराब पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से लाया जा रहा था।इसी क्रम में मद्य निषेध की अन्य टीम ने कटिहार जंक्शन पर कार्रवाई करते हुए 10.680 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की। बताया जाता है कि शराब को ट्रेन के माध्यम से लाकर शहर में खपाने की तैयारी थी, लेकिन टीम की सतर्कता से यह प्रयास विफल हो गया। वहीं, मनसाही थाना अंतर्गत ललिता देवी को 4लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से अवैध चुलाई शराब को जब्त कर विधि सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। इस प्रकार कुल 51.090 लीटर अवैध विदेशी शराब और 4 लीटर चुलाई शराब समेत एक टेम्पो को जब्त करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। मद्य निषेध विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और सीमावर्ती क्षेत्रों से शराब की खेप लाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। आम लोगों से भी अपील की गई है कि अवैध शराब की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।