Bhagalpur News: भागलपुर में रिश्वत लेने में धरे गए बिजली विभाग के जेई और टेक्निशियन
Bhagalpur News: भागलपुर में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने चार हजार रुपए घूस लेते समय जेई अमित कुमार और टेक्निशियन सौरव कुमार को गिरफ्तार किया। सौरव ने किसी काम के लिए एक व्यक्ति से आठ हजार रिश्वत मांगी थी। मामले में पहले भी जेई का विवादित रिकॉर्ड रहा है।

Bhagalpur News: भागलपुर से संजय कुमार की रिपोर्ट : भागलपुर, मुख्य संवाददाता। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की विशेष टीम ने मंगलवार सुबह शहर क्षेत्र स्थित नौलखा कोठी परिसर में छापेमारी कर बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) अमित कुमार और टेक्निशियन सौरव कुमार को चार हजार रुपए घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तारी की विवरण
बरारी निवासी सौरव जेई के निजी स्टाफ के रूप में काम करता था। विभागीय प्रधान को जानकारी देने के बाद टीम दोनों आरोपितों को पटना ले गई। जहां थाना में कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद बुधवार को भागलपुर स्थित निगरानी विशेष न्यायालय में उपस्थापित किया जाएगा। बताया गया कि जेई अमित कुमार के पास बिजली विभाग के तिलकामांझी नार्थ सेक्शन की बड़ी जिम्मेदारी थी, जिसके तहत खंजरपुर, नौलखा, एसएम कॉलेज समेत आसपास का शहरी इलाके का कार्यभार था।
रिश्वत मांगने की शुरुआत
बताया गया कि सौरव ने मायागंज निवासी एक व्यक्ति से किसी काम के एवज में आठ हजार रिश्वत देने की बात कही थी। चार हजार रुपए अग्रिम भी ली थी। अमित के इशारे पर जब सौरव ने शेष चार हजार रुपए नहीं देने पर उपभोक्ता को दौड़ाने लगा तब उसने निगरानी थाना में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद निगरानी टीम ने जाल बिछाकर दोनों को रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार किया।
अमित कुमार का विवादित रिकॉर्ड
विभाग के जानकारों ने बताया कि जेई अमित का पुराना रिकॉर्ड भी काफी विवादित रहा है। उनके खिलाफ पहले भी विभागीय और आपराधिक मामलों में गंभीर दंडात्मक कार्रवाइयां की जा चुकी हैं। चार साल पूर्व बांका के कटोरिया में तैनाती के दौरान अमित को शराब के नशे की हालत में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। राज्य में पूर्ण शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने और ड्यूटी पर नशे में पकड़े जाने के कारण अमित को निलंबित किया गया था.


