पिकअप से कुचलकर मजदूर की मौत, मुआवजे और नौकरी की मांग पर हंगामा
कहलगांव थाना क्षेत्र के एमजीआर रोड पर हादसा एनटीपीसी में संविदा पर करता था मजदूरी

कहलगांव, निज प्रतिनिधि एनटीपीसी के एमजीआर रेल ट्रैक पर काम करने जा रहे एक संविदा मजदूर की शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप वैन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा कहलगांव थाना क्षेत्र के कैरिया और सौर गांव के बीच एमजीआर रोड पर हुआ, जहां पीछे से आ रही बोलेरो पिकअप ने पैदल जा रहे मजदूर को रौंद दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान कैरिया गांव निवासी सुशील कापरी उर्फ मुकुल कापरी के 30 वर्षीय पुत्र रूपेश कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रूपेश एनटीपीसी के ठेका कंपनी में मजदूर के रूप में कार्यरत था और एनटीपीसी के एमजीआर रेलवे ट्रैक में मेंटेनेंस का काम करता था।
शुक्रवार सुबह वह पैदल ही अपने कार्यस्थल जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक रूपेश की मौत हो चुकी थी। आक्रोशित ग्रामीणों ने पिकअप वैन को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर एनटीपीसी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शाम में परिजन शव लेकर एनटीपीसी टेंपररी टाउनशिप स्थित पावर ग्रिड कार्यालय के मुख्य गेट पर पहुंचे और मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने मुआवजे के साथ परिवार एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। परिजनों ने बताया कि रूपेश अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसका तीन वर्ष का एक मासूम पुत्र है। घटना के बाद पत्नी रानी कुमारी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संदर्भ में कहलगांव थानाध्यक्ष श्यामला कुमार ने बताया कि पिकअप वैन को जब्त कर लिया गया है। चालक भागने में सफल रहा है। मृतक की पत्नी को 30 लाख रुपये का मुआवजा ठेका कंपनी के द्वारा देने की सहमति पर रात नौ बजे शव को हटा लिया गया। मौके पर पूर्व विधायक पवन यादव, दिलीप मिश्रा, प्रमुख प्रतिनिधि संजय यादव, जिप सदस्य जनार्दन आजाद, कहलगांव बीडीओ राजीव रंजन, कहलगांव थाना व एनटीपीसी थाना की पुलिस सहित अन्य विभागीय पदाधिकारी मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


