अररिया: कार्यकर्ताओं की भावना को उच्च लीडरशिप तक पहुंचाएंगे: आईसीसी पर्यवेक्षक
फारबिसगंज में संगठन सृजन अभियान के तहत पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व डुमरलाल बैठा के आवास पर कार्यक्रम आयोजित हुआ। विधायक आफताब अहमद ने कार्यकर्ताओं की भावना को नेतृत्व तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। उन्होंने बिहार में दो एमएलए बनने को रिकॉर्ड बताया और संगठन की मजबूती पर जोर दिया।

फारबिसगंज। पार्टी की मजबूती और विचारधारा को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के तहत रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व डुमरलाल बैठा के आवासीय परिसर में नगर व प्रखंड कांग्रेस द्वारा संगठन सृजन अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईसीसी पर्यवेक्षक सह हरियाणा के विधायक आफताब अहमद ने कहा कि वे यहां के कार्यकर्ताओं की भावना और जरूरतों को ईमानदारी पूर्वक उच्च नेतृत्व तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान का मुख्य मकसद पार्टी की मजबूती और विचारधारा को जमीनी स्तर पर लागू करना है। उन्होंने कहा कि अररिया जिले में दो एमएलए बनाकर यहां के कार्यकर्ताओं ने बिहार में रिकॉर्ड बनाया है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का हौंसला बढ़ाते हुए कहा कि निराश होने की जरूरत नहीं है। हम हरियाणा में सरकार बनाते-बनाते नहीं बना सके, लेकिन संघर्ष जारी है। जिले के रानीगंज और जोकीहाट क्षेत्रों में ज्यादा काम करने की जरूरत है। वहीं बिहार प्रदेश कांग्रेस के ऑब्जर्वर नैयर खान ने कहा कि संगठन की मजबूती ही हमारा मुख्य उद्देश्य है। कार्यकर्ताओं को तमाम मतभेद भूलाकर संगठन को मजबूत बनाने के लिए आगे आना चाहिए। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शाद अहमद ने फारबिसगंज को छोटा नागपुर की संज्ञा देते हुए यहां कांग्रेस की जीत को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने करण, कफील और इरशाद जैसे कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना की।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



