बबरगंज थाना क्षेत्र के मानिकपुर मोहल्ले में शुक्रवार सुबह रुपए के लेनदेन को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। इस घटना में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों का सदर अस्पताल में इलाज कराया गया है। घटना को लेकर दोनों पक्षों ने थाने में लिखित शिकायत की है। घायल मनमन ठाकुर ने कहा कि गुरुवार को रुपए की लेनदेन को लेकर मानिकपुर के रौशन कुमार और राजेश कुमार मंडल ने उन्हें बंधक बनाकर मारपीट की थी। वह किसी तरह जान बचाकर अपने घर लैलख भाग गए थे। शुक्रवार सुबह वह परिवार के साथ रौशन से बातचीत करने मानिकपुर आए थे। लेकिन राजेश और रौशन आदि ने डंडा और लोहे के रॉड से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस मामले में दूसरे पक्ष से घायल महेश मंडल ने बताया कि सुबह लैलख गांव से पांच-छह बाइक पर दर्जन भर लोग लाठी-डंडे और हॉकी से लैस होकर बेटे रौशन को खोजने आए थे। उसवक्त रौशन घर पर नहीं था। उसके बाद घर में घुसकर हमलावरों ने मारपीट शुरु कर दी। हल्ला सुनकर आसपास के लोग जुट गए और हमलावरों को खदेड़कर पीटा। आरोपी बाइक छोड़कर भाग गए। घटना के बाद दोनों पक्ष के लोग बबरगंज थाना पहुंचकर घटना की शिकायत की। घायलों में मनमन ठाकुर, विद्यानंद ठाकुर, भूषण ठाकुर, बुद्धन ठाकुर, चंबो, अटल बिहारी और महेश मंडल समेत अन्य लोग घायल हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि जमीन के म्यूटेशन के पैसे को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई है।
अगली स्टोरी