Bhagalpur News: गंगापुर में कई घरों के ऊपर से गुजरा 11 हजार वोल्ट का तार, ग्रामीणों में हादसे का डर
Bhagalpur News: गंगापुर में कई घरों के ऊपर से गुजरा 11 हजार वोल्ट का तार, ग्रामीणों में हादसे का डर अकबरनगर संवाददाता नगर पंचायत अकबरनगर के वार्ड संख्या-1 स्थित गंगा

Bhagalpur News: अकबरनगर, संवाददाता। नपं अकबरनगर के वार्ड संख्या-1 स्थित गंगापुर गांव में कई मकानों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। लोगों का कहना है कि हाई वोल्टेज तार के मकानों के ऊपर से गुजरने के कारण हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद बिजली विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं किए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीण अंशु कुमार ने इस समस्या को लेकर बिहार सरकार के सहयोग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने मकानों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन को हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की थी, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
हालांकि, शिकायत के बाद भी ग्रामीणों को समस्या के समाधान को लेकर कोई संतोषजनक पहल होती नहीं दिख रही है। विभाग की ओर से सहयोग पोर्टल पर दिए गए जवाब में बताया गया कि संबंधित 11 हजार वोल्ट की लाइन काफी पुरानी है और मकानों के निर्माण से पहले ही यह फीडर स्थापित किया गया था। विभाग ने यह भी कहा कि बिजली लाइन को स्थानांतरित करने के लिए विभागीय नियमों के अनुसार निर्धारित राशि जमा करनी होगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात और तेज हवा के दौरान हाई वोल्टेज तार को लेकर डर और बढ़ जाता है। उनका कहना है कि यदि किसी कारणवश तार टूटकर गिर जाए या कोई तकनीकी खराबी उत्पन्न हो जाए तो बड़ा हादसा हो सकता है। इस संबंध में कनीय अभियंता ने बताया कि सहयोग पोर्टल पर विभाग की ओर से नियमानुसार जवाब उपलब्ध करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि बिजली लाइन के स्थानांतरण की प्रक्रिया विभागीय नियमों के अनुरूप ही की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


