Bhagalpur News: कटिहार : पंचायत में लगा जन सहयोग शिविर, समस्याओं का हुआ समाधान
Bhagalpur News: फलका प्रखंड में जन सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। बीडीओ सन्नी सौरभ ने उद्घाटन किया, जहाँ विभिन्न विभागों के स्टॉल्स लगाए गए। ग्रामीणों ने समस्याएँ साझा कीं, और कई मुद्दों का समाधान मौके पर हुआ। स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान भारत कार्ड बनवाए। शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकारी सुविधाएं पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराना है।

Bhagalpur News: फलका, एक संवाददाता। मंगलवार को फलका प्रखंड क्षेत्र के रहटा पंचायत स्थित श्रीकृष्ण मंदिर परिसर में जन सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का उद्घाटन
शिविर का उद्घाटन बीडीओ सन्नी सौरभ, सीओ सौमी पोद्दार, मुखिया राजेश रंजन एवं विनोद मृधा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर में राजस्व, भू-सर्वे, विद्युत, सामाजिक सुरक्षा, जन वितरण प्रणाली, स्वास्थ्य, जीविका समेत विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों व कर्मियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया। लंबित आवेदनों को निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादित करने का भरोसा भी अधिकारियों ने ग्रामीणों को दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों का आयुष्मान भारत कार्ड बनाने के साथ कार्ड में दर्ज त्रुटियों का मौके पर ही सुधार किया। वहीं बीडीओ ने पात्र लाभुकों के बीच जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र समेत अन्य आवश्यक दस्तावेज वितरित किए।
ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण विभिन्न समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने पहुंचे। शिविर को संबोधित करते हुए बीडीओ सन्नी सौरभ ने कहा कि जन सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला व अनुमंडल कार्यालय का चक्कर लगाने से राहत देना है। सरकार की सुविधाएं पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण घर बैठे मोबाइल के माध्यम से सहयोग पोर्टल पर अपनी शिकायत, सुविधा अथवा सुझाव ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं। सभी आवेदनों का 30 दिनों के अंदर निष्पादन सुनिश्चित किया जाता है और इसकी प्रतिदिन समीक्षा की जाती है। उन्होंने ग्रामीणों से ऐसे शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकारी सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
सरकारी योजनाओं का लाभ
मुखिया ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। पंचायत स्तर पर शिविर लगने से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिल रही हैं। इस मौके पर सरपंच चंदन कुमार मंडल, समाजसेवी सुनील सिन्हा, संजय मंडल समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद थे।


