जमुई में अवैध बालू उत्खनन को लेकर दो पक्षों में भिड़ंत, पुलिस पर पथराव, मची भगदड़
जमुई में खैरा प्रखंड के दरिमा गांव में पूर्व से चली आ रहे विवाद और बालू के अवैध उत्खनन को लेकर दो पक्ष के लोगों में भिड़ंत हो गई। दोनों ओर से जमकर रोड़ेबाजी की गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस पर...
जमुई में खैरा प्रखंड के दरिमा गांव में पूर्व से चली आ रहे विवाद और बालू के अवैध उत्खनन को लेकर दो पक्ष के लोगों में भिड़ंत हो गई। दोनों ओर से जमकर रोड़ेबाजी की गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। हमला करने के दौरान भगदड़ मच गयी। स्थिति बेकाबू होने पर सीआरपीएफ को बुलाया गया। सीआरपीएफ के जवानों ने हालात पर काबू पाया। फिलहाल माहौल तनावपूर्ण है।
जानकारी के मुताबिक खैरा प्रखंड के अरुनमाबांक पंचायत अंतर्गत दरिमा गांव में दो पक्ष के लोग पूर्व से चली आ रहे विवाद और बालू के अवैध उत्खनन को लेकर बुधवार की देर रात आमने-सामने हो गए। इस बीच एक पक्ष के कुछ लोगों ने गांव के प्रमोद यादव के घर में आग लगाने की कोशिश की। इस दौरान रोड़ेबाजी भी की गई। घटना की सूचना प्रमोद यादव ने खैरा थाने की पुलिस को दी। खैरा पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान अवैध बालू से लदे ट्रैक्टर को पुलिस ने पकड़ा तो ग्रामीणों ने पुलिस पर हमला बोल दिया। हमला करने के दौरान भगदड़ मच गयी। बाद में स्थिति बेकाबू हो गई। सूचना पर वरीय अधिकारियों ने सीआरपीएफ के जवानों को दरिमा गांव भेजा। सीआरपीएफ जवानों ने मामले को नियंत्रित किया।
इस दौरान कुछ ग्रामीणों को भी चोटें आई है। इसी बीच गांव के मुखिया के घर भी एक पक्ष के लोगों ने फायरिंग की गई। मुखिया के पति मदन सिंह इस मामले में खैरा पुलिस को लिखित शिकायत दी है। इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। बताते चले कि 2 माह पूर्व दरिमा में गांव के ही कुछ लोगों ने ग्रामीण प्रमोद यादव के ट्रैक्टर में आग लगा दी थी। इस मामले को लेकर गांव में काफी तनाव बढ़ा था।