सिलेबस से बाहर प्रश्न पूछे जाने का आरोप लगा किया हंगामा
शिक्षकों के समझाने-बुझाने के बाद शांत हुए छात्र, दोबारा शुरू हुई परीक्षा परीक्षा नियंत्रक बोले-

भागलपुर, कार्यालय संवाददाता। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) में सोमवार को स्नातक सेमेस्टर-1 (सत्र 2025-29) की परीक्षा के दौरान हंगामा हुआ। दूसरी पाली में एमडीसी ग्रुप डी के तहत अंग्रेजी विषय की परीक्षा आयोजित की जा रही थी। इस दौरान कई केंद्रों पर परीक्षार्थियों ने सिलेबस से बाहर प्रश्न पूछे जाने का आरोप लगाते हुए बवाल शुरू कर दिया। इसके कारण एसएम कॉलेज और टीएनबी कॉलेज परीक्षा केंद्रों पर कुछ देर के लिए परीक्षा बाधित रही और अफरातफरी का माहौल बना रहा। हंगामे की सूचना मिलते ही दोनों कॉलेजों के अंग्रेजी शिक्षकों को मौके पर बुलाया गया। शिक्षकों ने परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र देखकर समझाया कि सभी सवाल सिलेबस के अंदर से ही पूछे गए हैं।
हालांकि, छात्रों का तर्क था कि परीक्षा में जो प्रश्न आए हैं, वे उन्हें कक्षा में पढ़ाए ही नहीं गए थे। काफी समझाने-बुझाने के बाद छात्रों का गुस्सा शांत हुआ और वे वापस परीक्षा देने को तैयार हुए। गौरतलब है कि एसएम कॉलेज में एमएम कॉलेज (भागलपुर) का और टीएनबी कॉलेज में मारवाड़ी कॉलेज एवं एसडीएमवाई डिग्री कॉलेज (धोरैया) के छात्रों का परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इस पूरे घटनाक्रम पर टीएमबीयू के परीक्षा नियंत्रक प्रो. विनोद कुमार ओझा ने बताया कि फिलहाल इस मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। यदि कोई शिकायत आती है तो नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


