
पीजी सेमेस्टर का फार्म भरने के दौरान जमकर हंगामा, बेहोश हुईं छात्राएं
भागलपुर में टीएमबीयू के छात्र सेवा केंद्र पर पीजी सेमेस्टर-3 के परीक्षा फार्म भरने के दौरान भीड़ के कारण अफरातफरी मच गई। कई छात्राएं घुटन के कारण बेहोश हो गईं। प्रॉक्टर ने स्थिति को संभाला और छात्रों को छात्राओं से अलग कर दिया। लाइन में लगने के बाद फार्म जमा करने की प्रक्रिया को व्यवस्थित किया गया।
भागलपुर, कार्यालय संवाददाता। टीएमबीयू के छात्र सेवा केंद्र पर सोमवार को उस वक्त अफरातफरी और चीख पुकार मच गई। जब पीजी सेमेस्टर-3 का परीक्षा फार्म भरने के लिए एक साथ काउंटर पर सैकड़ों की संख्या में छात्र और छात्राएं पहुंच गए। अत्यधिक भीड़ होने के कारण और काउंटर के बाहर जगह संकरी होने की वजह से कई छात्राएं घुटन के कारण बेहोश हो गईं। इस कारण अन्य छात्राएं भी चिल्लाने लगीं। छात्राओं को कर्मियों द्वारा बार-बार लाइन में लगने के लिए कहा जा रहा था, लेकिन वे लोग बिना लाइन के ही फार्म जमा करना चाह रही थीं। स्थिति की जानकारी प्रॉक्टर डॉ. एसडी झा को कर्मियों ने दी।
तत्काल प्रॉक्टर विभाग से विवि छात्र सेवा केंद्र पर पहुंचे। इसके बाद मोर्चा संभालते हुए तत्काल काउंटर बंद कराया। इसके बाद सभी लड़कों को छात्राओं के काउंटर से अलग किया। इसके बाद छात्राओं से कहा कि जब तक वे लाइन में नहीं लगेंगी तब तक काउंटर नहीं खुलेगा। इसके बाद छात्राओं को गार्ड और कर्मियों की मदद से लाइन में लगाया गया। इसके बाद बाहर खड़े छात्रों से कहा कि उनका फार्म सीनेट हॉल में जमा लिया जाएगा, ताकि बिना किसी अनहोनी के फार्म जमा हो सके। प्रॉक्टर ने केंद्र के एक कर्मी को सीनेट हॉल भेजा और वहां लड़कों का फार्म जमा लिया गया। इधर, छात्राओं की अत्यधिक भीड़ हो जाने के कारण कर्मियों को फार्म लेने में दिक्कत हो रही थी। तभी योजना शाखा के सहायक असीम कुमार सहित अन्य कर्मी खुद ही फार्म जमा लेने के लिए भिड़ गए। तब जाकर करीब आधे घंटे से ज्यादा समय में ही छात्राओं की भीड़ कम हुई। इसके बाद छात्राओं ने राहत की सांस ली। उधर, बैंक में भी अत्यधिक भीड़ के कारण छात्राओं को मुश्किल हुई। प्रॉक्टर ने कहा कि उन्हें इस तरह भीड़ हो सकती है, इसकी जानकारी नहीं थी। मंगलवार से यदि भीड़ बढ़ती है तो फार्म जमा लेने का काम सीनेट हॉल में कराया जाएगा। इसके लिए जरूरी निर्देश दिया गया है। काउंटर के बाहर है काफी कम जगह विवि के छात्र सेवा केंद्र के बाहर लाइन के लिए काफी कम जगह है। काउंटर इस तरह है कि छात्राएं चौड़ाई वाले हिस्से में ही खड़ी हो सकती हैं। इस कारण अफरातफरी की स्थिति होती है। यही नहीं छात्र भी उसी काउंटर के लाइन में खड़े हो जाते हैं, जो भीड़ का फायदा उठा गलत नीयत से छात्राओं के साथ बदतमीजी करते हैं, लेकिन अत्यधिक भीड़ और फार्म जमा करने की मजबूरी में वे ज्यादा कुछ नहीं बोल पातीं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




