
छात्र दरबार में विद्यार्थियों ने किया हंगामा
दलालों के कारण डिग्री तैयार नहीं होने का आरोप विद्यार्थियों को समझा-बुझाकर कराया शांत
भागलपुर, कार्यालय संवाददाता टीएमबीयू के सीनेट हॉल में शनिवार को छात्र दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को 93वां छात्र दरबार की डिग्रियां और अन्य दस्तावेज सौंपे गए। छात्र दरबार के दौरान जब सह परीक्षा नियंत्रक डॉ. गौतम कुमार डिग्री बांट रहे थे तो काफी संख्या में 94वां छात्र दरबार के विद्यार्थी पहुंच गए। इस दौरान अफरातफरी की स्थिति हो गई। विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि पहले से सूचना नहीं दी जाती है। कुछ विद्यार्थियों ने कहा कि जानबूझकर उन लोगों को अब छात्र दरबार के नाम पर भी डिग्री नहीं दी जाती है। आरोप था कि विवि की तरफ से उन लोगों को अगली तिथि के बारे में भी जानकारी नहीं दी जा रही है, ताकि वे लोग आगे होने वाले छात्र दरबार के मौके पर विवि पहुंचे।
इसी कारण कुछ छात्राएं काफी आक्रोशित हो गईं और सीनेट हॉल में मौजूद कर्मियों से उलझ गईं। सीनेट हॉल के बाहर भी यही स्थिति थी, विद्यार्थी अपनी डिग्री लेने के लिए काफी देर तक इधर-उधर भटकते रहे, लेकिन उन्हें बताया गया कि उनकी डिग्री अगली बार मिलेगी। किसी तरह विद्यार्थियों को समझा-बुझाकर भेजा गया। विद्यार्थियों के आरोपों पर विवि परीक्षा विभाग की तरफ से कहा गया कि 93वां छात्र दरबार के डिग्री वितरण की सूचना एक दिन पूर्व ही दी गई है। कुछ विद्यार्थियों ने कहा कि परीक्षा विभाग के बाहर काउंटरों पर सर्टिफिकेट बनवाने वाले दलालों का गिरोह सक्रिय है। जो विद्यार्थियों से मोटी रकम लेकर डिग्री ढूंढने और डिग्री बनवाने का ठेका लेते हैं, उन्हीं के चक्कर में छात्र दरबार की डिग्रियां नहीं बनती है। विवि के गार्ड और कर्मी भी उसे जानते हैं, लेकिन उसे कोई रोकटोक नहीं होती है। जबकि पूर्व के कुलपति कार्यकाल में विद्यार्थियों की शिकायत पर ही दलाल को खदेड़ा गया था। फिर से वही स्थिति हो गई है। विवि अधिकारी को लिखित शिकायत की बात पर विद्यार्थियों ने कहा कि यदि शिकायत करेंगे तो उनकी डिग्री ही बनने का काम प्रभावित हो जाएगा। परीक्षा नियंत्रक प्रो. विनोद ओझा ने बताया कि केवल 93वां छात्र दरबार के डिग्री वितरण की सूचना एक दिन पूर्व ही दी गई थी। साथ ही विद्यार्थियों की यदि कोई शिकायत लिखित रूप में मिलती है तो कार्रवाई होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




