
सहरसा: वैशाली एक्सप्रेस में सीट के लिए मची मारामारी
सहरसा में रविवार को नई दिल्ली जाने वाली वैशाली एक्सप्रेस में सीटों के लिए भारी भीड़ उमड़ी। यात्रियों को सीट नहीं मिलने पर मायूसी का सामना करना पड़ा। स्लीपर कोच जनरल बन गए, और टीटीई टिकट जांच नहीं कर सके। स्थानीय यात्रियों ने इस ट्रेन की नियमितता की आवश्यकता पर जोर दिया।
सहरसा। नई दिल्ली जाने वाली वैशाली एक्सप्रेस में सीट के लिए रविवार को जबरदस्त मारामारी हुई। बेकाबू भीड़ के कारण सहरसा स्टेशन पर कई यात्री ट्रेन में नहीं चढ़ सके। ट्रेन की स्लीपर कोच जनरल बन गई। जनरल कोच ललितग्राम से ही भरकर आई और सहरसा स्टेशन पर सीट नहीं मिलने से मायूस यात्री वापस अपने-अपने घर को लौट गए। ट्रेन की स्थिति यह रही कि एसी कोच में वेटिंग लिस्ट पहले से थी। बताया जा रहा है कि भीड़ की स्थिति को देखकर स्लीपर कोच में टीटीई प्रवेश कर टिकट जांच नहीं कर पा रहे हैं। एसी कोच में अतिरिक्त यात्री प्रवेश नहीं करें इस कारण सहरसा के टीटीई को बरौनी से आगे समस्तीपुर तक की ड्यूटी लगा दी गई है।

विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद इस तरह की जुटी भीड़ के बाद सहरसा से नई दिल्ली के लिए वैशाली जैसी ट्रेन चलाने की जरूरत महसूस की जाने लगी है। स्थानीय यात्री महेश कुमार और वीणा देवी ने कहा कि सहरसा से नई दिल्ली के एकमात्र दैनिक ट्रेन वैशाली एक्सप्रेस थी। इसका ललितग्राम तक विस्तार किए जाने के बाद सहरसा जिले के लोगों का सफर आसान नहीं रह गया है। रेलवे सुविधाजनक सफर के बदले फजीहत भरी सफर करा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




