राजकीय बालिका इंटर स्कूल में शुरू होगा केंद्रीय विद्यालय का अस्थायी परिसर
कहलगांव व जमालपुर केंद्रीय विद्यालय की टीम ने शनिवार को किया निरीक्षण कक्षा एक

भागलपुर, वरीय संवाददाता। शहर में केंद्रीय विद्यालय को शुरू करने की प्रक्रिया एक कदम और आगे बढ़ गई है। घंटाघर के निकट राजकीय बालिका इंटरस्तरीय स्कूल में केंद्रीय विद्यालय का अस्थाई परिसर शुरू होगा। इंटरस्तरीय स्कूल के प्राचार्य अमरनाथ ने बताया कि शनिवार को केंद्रीय विद्यालय की टीम ने स्कूल परिसर में आकर निरीक्षण किया। केंद्रीय विद्यालय के अस्थायी परिसर के संचालन के लिए सात कमरे आवंटित कर दिए गए हैं। टीम में कहलगांव व जमालपुर स्थित केंद्रीय विद्यालय के पदाधिकारी शामिल थे। टीम से जानकारी मिली कि पहले चरण में कक्षा एक से पांच तक के छात्रों का नामांकन होगा।
प्रत्येक कक्षा में 40-40 छात्र नामांकित होंगे। नामांकन की अधिसूचना केंद्रीय विद्यालय के पोर्टल पर जारी किया जाएगा। नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 में ही नामांकन के बाद कक्षा शुरू हो जाएगी। इसके लिए पहले ही जिलाधिकारी को स्कूल प्रशासन की ओर से एनओसी दे दिया गया है। बरारी में बनेगा मेन कैंपस : भागलपुर में प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय के स्थायी परिसर के निर्माण के लिए सुपर स्पेशियिलटी अस्पताल के बगल में पांच एकड़ जमीन को चिह्नित किया गया है। स्थायी परिसर बनने के बाद राजकीय बालिका इंटर स्कूल से केंद्रीय विद्यालय को यहां शिफ्ट कर दिया जाएगा। बता दें कि भागलपुर समेत राज्य के 14 जिलों में सत्र 2026-27 से 17 नए केंद्रीय विद्यालयों में पढ़ाई शुरू करने की तैयारी जारी है। जिला शिक्षा कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की प्रक्रिया लगभग एक वर्ष से चल रही है। डीएम की अगुवाई में बरारी रोड में जमीन चिह्नित कर सरकार को भेज दिया गया है। वहीं केंद्रीय विद्यालय के अस्थायी संचालन के लिए सरकारी विद्यालय परिसर को उपयोग किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


