केंद्रीय विद्यालय में इस वर्ष 200 सीटों पर होगा नामांकन
भागलपुर समेत राज्य में 19 केंद्रीय विद्यालय भवन के निर्माण का फंड जारी

भागलपुर, वरीय संवाददाता। भागलपुर समेत राज्य के 19 नए केंद्रीय विद्यालयों के भवन निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने फंड जारी कर दिया है। इस निर्णय से जिले में स्थायी परिसर की प्रतीक्षा कर रहे अभिभावकों और छात्रों को राहत मिली है। शहर के बरारी रोड में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के निकट लगभग पांच एकड़ भूमि पर विद्यालय का स्थायी भवन बनाया जाएगा। प्रस्तावित स्थायी परिसर में कक्षा एक से 12वीं तक की पढ़ाई की व्यवस्था होगी। विद्यालय में कुल 1,520 सीटें निर्धारित की गई हैं। फिलहाल यहां कक्षा एक से पांच तक की पढ़ाई का सत्र आगामी अप्रैल माह से शुरू होगा।
हर कक्षा में 40-40 छात्रों समेत कुल 200 सीटों पर का नामांकन होगा। अन्य कक्षाओं को चरणबद्ध तरीके से प्रारंभ किया जाएगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस परिसर में स्मार्ट क्लासरूम, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, खेल मैदान और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। निर्माण कार्य पूरा होने तक विद्यालय का संचालन अस्थायी परिसर में किया जाएगा। इसके लिए शहर के राजकीय बालिका उच्च विद्यालय परिसर को अस्थायी रूप से चिह्नित किया गया है। राजकीय बालिका उच्च विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमरनाथ ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय की टीम ने अस्थाई परिसर का दौरा किया था। टीम से जानकारी मिली की फरवरी में ही केंद्रीय विद्यालय संगठन की वेबसाइट पर नामांकन की अधिसूचना जारी की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




