लखीसराय: मकान गणना के लिए प्रगणकों-पर्यवेक्षकों को आदेश जारी
लखीसराय में जनगणना 2027 के पहले चरण के लिए महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है। 02 मई से 31 मई 2026 तक मकान सूचीकरण और गणना का कार्य होगा। पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को सुबह 7:30 बजे से पहले कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी कर्मियों को समयबद्धता और गंभीरता से कार्य करना होगा।

लखीसराय से अजय कुमार की रिपोर्ट लखीसराय। जिले के कार्यालय से जनगणना 2027 के प्रथम चरण को लेकर महत्वपूर्ण कार्यालय आदेश जारी किया गया है। बिहार सरकार की अधिसूचना संख्या-20/ज०को० दिनांक 07 फरवरी 2026 के आलोक में राज्यभर में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 02 मई 2026 से 31 मई 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में रामगढ़ चौक प्रखंड क्षेत्र में चार्ज स्तर पर पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को उनके पर्यवेक्षीय सर्किल एवं HLBs क्षेत्र आवंटित कर दिए गए हैं। कार्यालय आदेश में कहा गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश लोग सुबह 7:30 बजे से पहले ही मजदूरी एवं अन्य कार्यों के लिए घर से बाहर निकल जाते हैं।
ऐसी परिस्थिति में सही और प्रभावी जनगणना सुनिश्चित करने के लिए सुबह के समय घर-घर पहुंचकर गणना कार्य करना आवश्यक होगा। इसे ध्यान में रखते हुए सभी पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को 07 मई 2026 से 15 मई 2026 तक “कैम्प मोड” में कार्य करने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद शेष अवधि में पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार कार्य संपादित किया जाएगा। प्रधान जनगणना पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी, लखीसराय के निर्देशानुसार सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को हेलो एप्प के माध्यम से मकान सूचीकरण एवं मकान गणना से संबंधित कार्य निष्पादित करने का आदेश दिया गया है। इस दौरान रिजर्व कर्मियों को छोड़कर सभी कर्मियों को निर्धारित अवधि में “मार्क ऑन ड्यूटी” बनाकर क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य करना अनिवार्य होगा।ETO चार्ज अधिकारी द्वारा जारी इस आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जनगणना कार्य को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के लिए सभी संबंधित कर्मियों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। प्रशासन की ओर से यह भी संकेत दिया गया है कि कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जा सकती है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


