किशनगंज: अखंड सौभाग्य और सुख-समृद्धि की कामना के साथ श्रद्धापूर्वक मनाया गया वट सावित्री व्रत
ठाकुरगंज में वट सावित्री व्रत का उत्सव धूमधाम से मनाया गया। महिलाओं ने निर्जला उपवास रखकर वट वृक्ष की पूजा की और अपने पति की दीर्घायु की कामना की। पूजा के बाद सामूहिक कथा सुनकर पतिव्रता धर्म का संदेश ग्रहण किया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी उत्साह देखने को मिला, जहां पारंपरिक पकवान बनाए गए।

ठाकुरगंज से राजीव कुमार सिन्हा की रिपोर्ट सुहागिन महिलाओं के आस्था और श्रद्धा का प्रतीक वट सावित्री व्रत शनिवार को ठाकुरगंज नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पूरे धार्मिक उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। ज्येष्ठ कृष्ण अमावस्या के अवसर पर महिलाओं ने निर्जला उपवास रखकर वट वृक्ष की पूजा-अर्चना की तथा अपने पति की दीर्घायु, परिवार की सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना की। सुबह से ही मंदिरों और सार्वजनिक पूजा स्थलों पर महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा और सोलह श्रृंगार में सजकर पूजा सामग्री के साथ वट वृक्ष के समीप पहुंचीं। विधि-विधान से पूजा करते हुए महिलाओं ने वट वृक्ष पर जल अर्पित किया और कच्चे सूत का धागा लपेटकर परिक्रमा की।
पूजा के उपरांत फल, मिठाई, भींगा चना, पूड़ी-पकवान सहित विभिन्न प्रसाद अर्पित किए गए। पूरे दिन क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा। कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से सावित्री-सत्यवान की कथा सुनी। कथा के माध्यम से पतिव्रता धर्म, निष्ठा और समर्पण का संदेश ग्रहण किया गया। धार्मिक मान्यता है कि वट सावित्री व्रत रखने से पति की आयु लंबी होती है तथा वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार माता सावित्री ने अपने तप, त्याग और अटूट प्रेम के बल पर यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण वापस प्राप्त किए थे। तभी से सुहागिन महिलाएं वट वृक्ष की पूजा कर यह व्रत करती आ रही हैं। वट वृक्ष को दीर्घायु, स्थिरता और जीवन शक्ति का प्रतीक माना जाता है। ठाकुरगंज के विभिन्न मंदिरों एवं पूजा स्थलों पर महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने परिवार में सुख-शांति, संतान की उन्नति और घर में खुशहाली के लिए विशेष प्रार्थना की। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी वट सावित्री पूजा को लेकर खासा उत्साह रहा। घरों में पारंपरिक पकवान बनाए गए तथा पूजा के बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को व्रत की शुभकामनाएं दीं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


