
सहरसा: नववर्ष के स्वागत में जुटे ग्रामीण
वर्ष 2026 के स्वागत के लिए लोग तैयारियों में जुट गए हैं। स्थानीय पाठक बंगला पर अष्टयाम का आयोजन किया गया है, जबकि उग्रतारा मन्दिर में दुर्गा सप्तशती पाठ चल रहा है। युवा पिकनिक स्पॉट की तैयारी कर रहे हैं, और मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ है। सभी धार्मिक स्थलों पर नए साल के लिए पूजन की तैयारी पूरी कर ली गई है।
महिषी एक संवाददाता । वर्ष 2025 की विदाई और वर्ष 2026 का स्वागत करने का लोगों ने मन बना लिया है। इस अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी स्थानीय पाठक बंगला पर बीते साल के सुखमय समाप्ति और नया साल सुख, समृद्धि और खुशहाल माहौल में बीतने की कामना को लेकर 31 दिसम्बर से 1 जनवरी तक अष्टयाम का आयोजन किया गया है, वहीं उग्रतारा मन्दिर परिसर स्थित वशिष्ठ चबूतरा पर भी सेवानिवृत्त शिक्षक शत्रुघ्न चौधरी के नेत्तृत्व में उग्रतारा वेद विद्या केंद्र के बालक बालिका पंडितों द्वारा 24 घण्टे का अहर्निश दुर्गा सप्तशती पाठ भी शुरू कर दिया गया है।
इसके अतिरिक्त भी कई गांवों में अष्टयाम या अन्य धार्मिक आयोजन कर भक्तिमय माहौल में नए साल को आगाज देने की तैयारी पूरी कर ली गयी है। युवाओं और बच्चों की टोलियां नए वर्ष में पिकनिक मनाने के लिए अपना पिकनिक स्पॉट चिन्हित कर पिकनिक की तैयारी में व्यस्त हो गए हैं। कुछ युवा कोसी नदी के किनारा, कुछ कोसी पुल के नीचे, कुछ कारू बाबा मंदिर के बगल की रेतीली भूमि तो कुछ कोसी बैरेज जाकर नववर्ष मनाने का मन बना लिए है। हर कोई अपने अपने स्तर से तैयारी को अंतिम रुप देने में लग गए हैं। इधर नववर्ष में प्रखंड क्षेत्र के धार्मिक स्थल उग्रतारा मन्दिर, बाबा कारु मन्दिर, सूर्य मंदिर एवं नकुचेश्वर महादेव मंदिर पर पूजा करने अहले सुबह से ही श्रद्धालु भक्तों की अपार भीड़ का आना जाना दिनभर लगा रहता है। इसको लेकर सभी मंदिरों में तैयारियां पूरी कर ली गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




