वार्ड 18 की पार्षद और उनके पति सहित अन्य पर केस
भागलपुर। नाबालिग लड़की से छेड़खानी मामले में वार्ड 18 की पार्षद कुमकुम देवी और...

भागलपुर। नाबालिग लड़की से छेड़खानी मामले में वार्ड 18 की पार्षद कुमकुम देवी और उनके पति मृत्युंजय सिन्हा को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। घटना को लेकर गोलाघाट की रहने वाली महिला ने तातारपुर थाना में केस दर्ज कराया है। पॉक्सो सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। महिला का आरोप है कि उनकी 10 साल की बेटी घर से दुर्गा पूजा विसर्जन देखने जा रही थी तभी मान सिन्हा नाम के लड़के ने उसके साथ छेड़खानी की। जब उनकी बेटी ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और नीचे गिरा दिया। उसके पैर पर स्कूटी चढ़ाकर भाग जाने का भी आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि जब इस घटना का विरोध किया और कारण पूछा तो मृत्युंजय सिन्हा, पंकज सिन्हा, मृत्युंजय सिन्हा की पत्नी वार्ड पार्षद कुमकुम देवी, उदय, रंजीत सिन्हा आदि ने गालीगलौज की और मारपीट पर उतारू हो गए। महिला ने उन लोगों ने घटना को लेकर किसी को बताने पर मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। तातारपुर थानेदार इंस्पेक्टर मनीष कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
