
बोले जमुई : प्रत्येक दिन जाम से जूझते लोग बाईपास निर्माण की गुहार तेज
दिग्घी बाजार में बाईपास सड़क का निर्माण स्थानीय लोगों के लिए राहत का कारण बन सकता है। बढ़ते यातायात और जाम की समस्याओं से परेशान ग्रामीणों को अब आवागमन में सुधार की उम्मीद है। बाईपास सड़क से बाजार का विस्तार होगा और चिकित्सा एवं शिक्षा के क्षेत्र में भी विकास की संभावनाएं खुलेंगी।
प्रस्तुति : अमरेन्द्र कुमार

दिग्घी बाजार में बाईपास सड़क का निर्माण स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है। बढ़ते यातायात और बार-बार लगने वाले जाम से यहां के ग्रामीण और व्यापारी लगातार परेशान हैं। बावजूद इसके अब तक किसी जनप्रतिनिधि ने इस दिशा में ठोस पहल नहीं की है। विकास की मुख्यधारा से अभी भी यह इलाका काफी पीछे है। आसपास न तो कोई डिग्री कॉलेज की स्थापना हो सकी है और न ही किसी संसाधनयुक्त अस्पताल का संचालन हो रहा है। इलाज के लिए ग्रामीणों को 15 किलोमीटर दूर रेफरल अस्पताल का रुख करना पड़ता है, जहां भी अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पातीं। गंभीर मामलों में मरीजों को जमुई जाना पड़ता है। ऐसे में बाईपास सड़क बनने से जहां आवागमन सुगम होगा, वहीं बाजार के विस्तार और क्षेत्रीय विकास की नई संभावनाएं भी जुड़ेंगी।
जमुई और बांका दो जिले को जोड़ने वाली सोनदीपी-खिलार सड़क स्थित दिग्घी जैसे महत्वपूर्ण बाजार है। जहां जरूरत के सभी समान स्थानीय आसपास के इलाकों के लोगों के लिए उपलब्ध है। जो गुणवत्ता से पूर्ण होता है। लेकिन आज की तिथि में दिग्घी बाजार जाम के गिरफ्त में पूरी तरह आ गया है। जिससे बाजार में उपस्थित ग्रामीण और व्यवसायियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बाजार में जाम का कारण बड़े-छोटे वाहनों के परिचालन में बेतहाशा वृद्धि बताया जाता है। चूंकि जिले के लक्ष्मीपुर प्रखंड में 13 पंचायत हैं। जिसके आधे से अधिक पंचायत के ग्रामीण बांका जिला जाने के लिए सोनदीपी-खिलार का ही चयन करते हैं। जिस लेकर बड़े-छोटे वाहनों के परिवहन में वृद्धि होते जा रहा है। नतीजन दिग्घी बाजार के संकरे सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न होती रहती है। इस दौरान लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विशेष परिस्थिति में ग्रामीण जान जोखिम में डालकर सड़क पार करते हैं। इस तरह की रोज-रोज की समस्या को देखते हुए स्थानीय और बुद्धिजीवी लोग दिग्घी बाजार में बाईपास सड़क निर्माण की मांग करने लगे हैं। बढ़ती आबादी बड़े-छोटे वाहनों के बढ़ते परिचालन को लेकर बाईपास सड़क का निर्माण अतिआवश्यक है। ग्रामीणों की मानें तो बाईपास सड़क के निर्माण होने से बाजार का विस्तार होगा तो व्यवसाय में भी वृद्धि होगी। चूंकि प्रखंड के पंचायत दिग्घी, मोहनपुर, ककनचोर, खिलार और पिडरोन पंचायत का मुख्य बाजार दिग्घी ही है। जहां नया थाना भवन का निर्माण भी सबलपुर में किया जा रहा है। दिग्घी बाजार में बाईपास का निर्माण किए जाने से जमुई और बांका जिला का सीधा संपर्क हो जाएगा जिसका सीधा लाभ ग्रामीणों को मिलेगा। आसपास के चार-पांच पंचायत में कोई बेहतर चिकित्सा का कोई साधन अब तक उपलब्ध नहीं हो सका है। चिकित्सा क्षेत्र के मामले में आज भी यह इलाका अछूता साबित है। आसपास न तो कोई डिग्री कॉलेज का ही निर्माण हो सका है और न ही उच्च शिक्षण संस्थान है। करीब पांच पंचायत के लोग हल्की-फुल्की दुर्घटना होने पर रेफरल अस्पताल का रूख करते हैं जो करीब 15 किलोमीटर से अधिक की दूरी पर है। हालत यह है कि रेफरल अस्पताल में भी बेहतर अल्ट्रासांउड और एक्स-रे की व्यवस्था नहीं की जा सकी है। ईसीजी बगैरह की सुविधा भी नहीं मिल पाती है। इसके लिए इलाके के लोगों के लिए जमुई का ही रूख करना पड़ता है। दिग्घी बाज़ार के निवासियों और यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण और स्वागत योग्य विकास है। बाईपास सड़क के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन में काफी सुधार होने की उम्मीद है। मुख्य बाजार क्षेत्र से यातायात को मोड़कर, बाईपास सड़क भीड़भाड़ कम करेगी और स्थानीय निवासियों के लिए यात्रा को आसान बनाएगी।
दुर्घटनाओं का जोखिम काफी कम होगा
मुख्य सड़कों पर वाहनों की संख्या घटने से क्षेत्र में सुरक्षा और सुविधा दोनों बढ़ेंगी। पैदल चलने वालों और स्थानीय दुकानदारों के लिए दुर्घटनाओं का जोखिम काफी कम होगा। लंबी दूरी के वाहन अब बाज़ार क्षेत्र में प्रवेश किए बिना सीधे अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे, जिससे यात्रा का समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। इससे ट्रैफिक जाम में कमी आएगी और सड़क परिवहन अधिक सुगम बनेगा। साफ-सुथरी सड़कों और नियंत्रित यातायात व्यवस्था से बाजार क्षेत्र का वातावरण भी बेहतर होगा। लोगों को आवाजाही में राहत मिलेगी, वहीं स्थानीय व्यापार को भी लाभ होगा क्योंकि खरीदार बिना जाम या वाहन अव्यवस्था के आसानी से दुकानों तक पहुंच पाएंगे। यह सुधरा हुआ बुनियादी ढांचा न केवल क्षेत्र की छवि में सुधार लाएगा, बल्कि स्थानीय निवासियों, छोटे व्यापारियों और यात्रियों के जीवन की गुणवत्ता को भी बढ़ाएगा, जिससे संपूर्ण क्षेत्र के सतत विकास का मार्ग प्रशस्त होगा।
हमारी भी सुनें
लक्ष्मीपुर का दिग्घी बाजार बहुत ही पुराना है। जो संकरे सड़क किनारे बसा है। बढ़ती आबादी के कारण हमेशा जाम लगता रहता है। जहां बाईपास की जरूरत है।
- जगदीश
बढ़ती आबादी और छोटे-बड़े वाहनों के परिचालन में हुई वृद्धि के कारण दिग्घी बाजार में जाम लगते रहता है। जिसके निदान के लिए बाईपास सड़क का निर्माण आवश्यक है।
- नीरज झा
जमुई और बांका जैसे दो जिला को जोड़ने वाला सोनदीपी खिलार सड़क है। जहां स्थित दिग्घी बाजार में जाम लगते रहता है। बाईपास सड़क का निर्माण आवश्यक है।
- जयप्रकाश
जाम की समस्या से निजात पाने के लिए दिग्घी बाजार के लिए बाईपास सड़क का निर्माण आवश्यक है। इस पर जनप्रतिनिधियों को ध्यान देने की जरूरत है।
- सुरेन्द्र
बाजार और व्यापार विस्तार के लिए दिग्घी में बाईपास सड़क का निर्माण आवश्यक है। जरूरत है चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में भी विकास हो।
- मौसम झा
दिग्घी बाजार में रोज-रोज लगते जाम से आम आवाम को भारी कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। इसका असर बाजार पर पड़ता है।
- बिट्टू कुमार झा
दिग्घी बाजार के विस्तार के लिए बाईपास का होना आवश्यक है। इसका लाभ आम आवाम को मिलेगा। शिक्षा के क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की भी स्थापना हो।
- पंकज यादव
बेरोजगार को रोजगार मिले, बाजार का विस्तार हो। इसके लिए दिग्घी बाजार में बाईपास सड़क का निर्माण आवश्यक है। इस पर पहल करने की जरूरत है।
- शशिकांत झा
समय और दूरी को कम करने के लिए चालक सोनदीपी-खिलार सड़क का चयन करते हैं। नतीजन इस सड़क स्थित दिग्घी बाजार में जाम लगते रहता है।
- पंचम यादव
बेरोजगारों को रोजगार मिले, बाजार का विस्तार हो, रोज रोज लगते जाम की समस्या से निजात मिले इसके लिए दिग्घी बाजार में बाईपास सड़क का होना आवश्यक है।
- गोविंद
जमुई-बांका जिला को जोड़ने के लिए सोनदीपी खिलार सड़क महत्वपूर्ण है। जिसमें एक महत्वपूर्ण बाजार दिग्घी है। जहां हमेशा जाम लगते रहता है।
- अमरजीत कुमार सिंह
लक्ष्मीपुर का दिग्घी एक महत्वपूर्ण बाजार है। जो सोनदीपी-खिलार सड़क पर स्थित है। जहां हमेशा जाम की समस्या उत्पन्न होते रहता है।
- सुभाष कुमार
जमुई और बांका जिला को जोड़ने वाली सोनदीपी-खिलार सड़क काफी महत्वपूर्ण है। बढ़ते भीड़ और वाहनों के परिचालन से जाम की समस्या उत्पन्न होते रहता है।
- पप्पल झा
सोनदीपी-खिलार स्थित दिग्घी बाजार में बढ़ते भीड़ के कारण जाम की समस्या उत्पन्न होते रहता है। जिससे निजात पाने के लिए बाईपास सड़क का होना जरूरी है।
- अरुण यादव
जमुई और बांका जिला के बीच आवागमन सुलभ और तीव्र बनाने के लिए दिग्घी बाजार में बाईपास का होना जरूरी है। दिग्घी बाजार में जाम की समस्या उत्पन्न होती है।
- कृष्ण हेंब्रम
बोले जिम्मेदार
गंगटा-मटिया विशनपुर फोर लेन सड़क प्रस्तावित है, जिसके लिए शीघ्र सर्वे किया जाएगा। यह दिग्घी, लक्ष्मीपुर और मटिया बाजार के लिए बाईपास का काम करेगी। हालांकि विभागीय प्रक्रियाओं के कारण इसमें कुछ समय लगेगा।
- दामोदर रावत, झाझा, विधायक
शिकायत
1. अबतक किसी भी जनप्रतिनिधियों ने इस ओर नहीं दिया ध्यान, जिससे यह परेशानी बनी हुई है।
2. उच्च शिक्षा से दूरी बना लेती है इलाके की छात्राएं, सैकड़ों छात्र-छात्राएं उंची शिक्षा ग्रहण नहीं कर पाती हैं। इससे इनका भविष्य अंधकारमय हो जाता है।
3. बेहतर उपचार के लिए 40 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है, जिससे समय के साथ-साथ पैसे भी खर्च होते हैं।
4. एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और ईसीजी की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध नहीं है। इन जांचों के लिए जिला अस्पताल तक जाना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को परेशानी होती है।
सुझाव
1. बाईपास निर्माण से बाजार में बिक्री और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था सशक्त होगी।
2. बाईपास निर्माण से जाम की समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन आसान होगा।
3. डिग्री कॉलेज बनने से छात्र-छात्राओं को बड़ी सहूलियत मिलेगी। अब उन्हें उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
4. चिकित्सा क्षेत्र में एक बेहतर अस्पताल का निर्माण होने से इलाज की सुविधा आसान होगी। मरीजों को उपचार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


