Bhagalpur News: कालीबाड़ी के पास बंद घर में भीषण चोरी, वेंटिलेटर तोड़कर घुसे चोर
Bhagalpur News: कटिहार में चोरों ने एक बंद घर में लाखों रुपये की चोरी की। गृहस्वामी घर से बाहर थे, जिससे चोरों ने आराम से घर में प्रवेश किया। उन्होंने न केवल सामान चुराया बल्कि घर में तोड़फोड़ भी की। पुलिस ने मौके पर जांच की और घटना के बाद आसपास के लोग दहशत में हैं।

Bhagalpur News: कटिहार, एक संवाददाता। नगर थाना क्षेत्र के कालीबाड़ी के समीप विनोपुर राजहाता में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया। घर के मालिक गृहस्वामी कटिहार से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने रेलवे लाइन के किनारे स्थित उनके घर में घुसकर लाखों रुपये के जेवरात और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी के बाद चोरों ने घर के सामान को भी जमकर क्षतिग्रस्त किया। घटना का पता तब चला, जब गृहस्वामी संतोष के रिश्तेदार मनीष कुमार को घर में चोरी होने की जानकारी मिली। वह मौके पर पहुंचे तो घर का नजारा देखकर दंग रह गए। घर का वेंटिलेटर टूटा हुआ था और अंदर सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। अलमारी का ताला भी टूटा मिला। इससे साफ है कि चोरों ने घर में प्रवेश करने के बाद काफी देर तक इत्मीनान से सामान की तलाशी ली।
नल-पाइप तक नहीं छोड़ा, गेट भी तोड़ा
चोरों ने केवल कीमती सामान ही नहीं चुराया, बल्कि घर में तोड़फोड़ भी की। बाथरूम के नल और पाइप टूटे मिले। घर का गेट भी क्षतिग्रस्त किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने घर से लाखों रुपये के जेवरात समेत अन्य कीमती सामान चोरी किया है। हालांकि, चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन मकान मालिक के कटिहार लौटने और सामान की पूरी जांच के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने घटनास्थल का लिया जायजा
घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। नगर थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना पुलिस को मिली है। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। मकान मालिक के कटिहार लौटने के बाद आवेदन प्राप्त होने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस पहल करेगी।
रिहायशी इलाके में चोरी से दहशत
रिहायशी इलाके में बंद घर को निशाना बनाए जाने से आसपास के लोगों में दहशत है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में पिछले कुछ दिनों से चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। लोगों ने पुलिस अधीक्षक से शहर में रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाने की मांग की है। रेलवे लाइन के किनारे स्थित घर में जिस तरह चोरों ने वेंटिलेटर तोड़कर प्रवेश किया और अलमारी से लेकर बाथरूम तक में तोड़फोड़ की, उससे आशंका जताई जा रही है कि वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों ने पहले घर की रेकी की होगी। अब पुलिस के सामने चोरों तक पहुंचने के साथ-साथ यह पता लगाना भी चुनौती है कि बंद घर की जानकारी बदमाशों को कैसे मिली।


