Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsBurglary in Bhawanipur Thieves Steal Over 1 3 Lakh from Multiple Shops
चार दुकानों से चुराये 1.31 लाख, मामला दर्ज

चार दुकानों से चुराये 1.31 लाख, मामला दर्ज

संक्षेप:

भवानीपुर में बेखौफ चोरों ने एक रात में तीन खाद-बीज दुकानों और एक किराना दुकान से कुल 1 लाख 31 हजार 250 रुपये चुरा लिए। पीड़ित व्यवसायी मुन्ना यादव ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। चोरों में से एक को पहचाना गया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Jan 23, 2026 07:05 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, भागलपुर
share Share
Follow Us on

भवानीपुर, एक संवाददाता। भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़हरी एवं रघुनाथपुर गांव में बेखौफ चोरों ने एक ही रात चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए तीन खाद-बीज दुकान और एक किराना दुकान से कुल 1 लाख 31 हजार 250 रुपये नकद चुरा लिए। मामले को लेकर पीड़ित खाद-बीज व्यवसायी मुन्ना यादव के आवेदन पर भवानीपुर थाना में कांड संख्या 15/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़ित व्यवसायी मुन्ना यादव ने बताया कि गुरुवार की रात वह बड़हरी स्थित अपनी खाद दुकान बंद कर दुकान के अंदर ही सो रहे थे। रात करीब एक बजे टीन काटने की आवाज सुनकर जब वह बाहर निकले तो एक बाइक पर सवार तीन चोर उनकी दुकान के सामने से भागते नजर आए।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

जब उन्होंने दुकान के अंदर जाकर देखा तो गल्ला टूटा हुआ था और उसमें रखे 49,720 रुपये गायब थे। भागते चोरों में से उन्होंने रघुनाथपुर निवासी हंसराज उर्फ खुशीलाल शर्मा को पहचानने का दावा किया है। इसके बाद जब वे अपने गांव पहुंचे तो पता चला कि रघुनाथपुर में भी तीन अन्य दुकानों को निशाना बनाया गया है। खाद दुकानदार जयकृष्ण यादव की दुकान से गल्ला तोड़कर 39,930 रुपये, खाद-बीज व्यवसायी विनोद कुमार मिश्र की दुकान से 25,600 रुपये तथा किराना दुकानदार सुरेंद्र साह की दुकान से 16,000 रुपये चोरी कर लिए गए। पीड़ित दुकानदारों ने आरोप लगाया कि हंसराज उर्फ खुशीलाल शर्मा एवं अंशु कुमार ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर सभी दुकानों में चोरी की घटना को अंजाम दिया है। इस संबंध में मुन्ना यादव के आवेदन पर हंसराज उर्फ खुशीलाल शर्मा और अंशु कुमार को नामजद करते हुए तीन-चार अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने बताया कि आवेदन के आधार पर कांड दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बहुत जल्द मामले का उद्भेदन कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।